मोहाली 7 जून (Geenews network)मोहाली के बलौंगी थाने के मालखाने में शुक्रवार शाम को अचानक आग लग गई। इसके कारण जब्त किए गए सैंकड़ों वाहन जलकर खाक हो गए। सूचना मिलने ही मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। मौके पर पहुंचे दमकल अधिकारी संजय सिंह ने बताया कि शाम तकरीबन साढ़े 4 बजे बलौंगी थाने में खड़ी कार में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो फायर टेंडर मौके पर पहुंची और आग बुझाना शुरू किया। उन्होंने बताया करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद, आग पर काबू पा लिया गया। जो गाडियां जलकर राख हुई हैं, वो अलग अलग मामले में केस प्रॉपर्टी है। फिलहाल आग लगने की वजह साफ नहीं हो पाई है। दमकल अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आग लगने की वजह का पता चल पाएगा। गौरतलब है कि मोहाली जिले में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है और पारा 40 डिग्री सेल्सियस के आस-पास ही रह रहा है। गर्मी बढऩे से आग लगने की घटनाएं अधिक देखी जा रही है। इसके चलते दमकल विभाग को भी आग लगने की सूचनाएं लगातार मिल रही है।
