मोहाली में स्पेशल इंटेलिजेंस एंड टेक्निकल यूनिट शुरू

डिजिटल जांच, तकनीकी निगरानी और खुफिया तंत्र होगा और मजबूत


मोहाली,9,जून (Geeews Network)
पंजाब में नशा तस्करी के खिलाफ लड़ाई को और धार देने के लिए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) को आधुनिक तकनीक से लैस किया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को मोहाली स्थित एएनटीएफ पुलिस स्टेशन में अत्याधुनिक स्पेशल इंटेलिजेंस एंड टेक्निकल यूनिट (एसआईटीयू) की शुरुआत की गई। इसके साथ ही कई नई तकनीकी और जांच संबंधी सुविधाएं भी शुरू की गई हैं, जिनसे नशा तस्करी के मामलों की जांच और खुफिया निगरानी को मजबूती मिलने की उम्मीद है।


पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने एएनटीएफ मुख्यालय पहुंचकर नई सुविधाओं का उद्घाटन किया। इस दौरान विशेष डीजीपी एएनटीएफ कुलदीप सिंह और एडीजीपी नीलाभ किशोर भी मौजूद रहे। एसआईटीयू के अलावा क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम्स (सीसीटीएनएस) रूम, इंटरोगेशन रूम, एमएचसी रूम और डीएसपी कार्यालय का भी उद्घाटन किया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नई तकनीकी इकाई डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण, तकनीकी निगरानी, खुफिया जानकारी जुटाने और अपराधियों के रिकॉर्ड तक त्वरित पहुंच उपलब्ध कराएगी। इससे नशा तस्करी से जुड़े मामलों की वैज्ञानिक जांच को गति मिलेगी और बड़े नेटवर्क तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
मोहाली स्थित एएनटीएफ भवन का उद्घाटन अगस्त 2024 में किया गया था। अब इसे आधुनिक जांच और इंटेलिजेंस सेंटर के रूप में विकसित किया गया है। यह केंद्र राज्यभर में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियानों के समन्वय का प्रमुख केंद्र बन चुका है। पंजाब पुलिस के अनुसार, पटियाला, जालंधर और बठिंडा में एएनटीएफ के आधुनिक कार्यालय पहले से काम कर रहे हैं। वहीं लुधियाना और फिरोजपुर में नए कार्यालयों का निर्माण जारी है। अमृतसर में भी एएनटीएफ के लिए अलग परिसर स्थापित करने की योजना पर काम चल रहा है और इसके लिए स्थान तय किया जा चुका है।


राज्य सरकार ने एएनटीएफ की तकनीकी क्षमता बढ़ाने के लिए पिछले दो वित्तीय वर्षों में 23 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च की है। इसके अलावा 14.16 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बजट भी मंजूर किया गया है। इस राशि का उपयोग निगरानी प्रणाली, साइबर इंटेलिजेंस, संचार नेटवर्क और डिजिटल जांच उपकरणों को उन्नत बनाने में किया जाएगा। एएनटीएफ को राज्य एनकॉर्ड (नारको कोऑर्डिनेशन सेंटर) सचिवालय की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है, जिसके तहत विभिन्न विभागों और एजेंसियों के बीच समन्वय तथा नशा विरोधी अभियानों की निगरानी की जाएगी। पंजाब पुलिस का कहना है कि आधुनिक तकनीक और खुफिया आधारित कार्रवाई के जरिए नशा तस्करी के नेटवर्क को तोडऩे की मुहिम लगातार जारी रहेगी।
फोटो पुलिस महानिदेशक गौरव यादव

By Admin

Translate »