मोहाली,24 मार्च (Geenews Network)थाना सोहाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रोहित के रूप में हुई है, जो खरड़ का रहने वाला था और एक निजी कंपनी में कार्यरत था। हादसे के बाद आरोपी थार चालक मौके से फरार हो गया।जानकारी के अनुसार, रोहित 23 मार्च को रोजाना की तरह अपनी ड्यूटी पर जा रहा था। जब वह सेक्टर-82 से गांव लखनौर की ओर जाने वाली सड़क के पास पहुंचा, तभी तेज रफ्तार थार गाड़ी ने उसकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रोहित के सिर में गंभीर चोटें आईं और शरीर में कई फ्रैक्चर हो गए। हादसे के तुरंत बाद ही उसने मौके पर दम तोड़ दिया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर की आवाज काफी तेज थी और रोहित काफी दूर जा गिरा। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत मदद की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।मृतक के भाई गौरव सूद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसे रोहित के फोन से एक अज्ञात व्यक्ति का कॉल आया, जिसने हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचा, जहां रोहित सड़क किनारे पेट्रोल पंप के सामने स्कूटी समेत गिरा हुआ था। उसके सिर पर गंभीर चोट और शरीर पर कई फ्रैक्चर थे।पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात थार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, इस हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

By Admin

Translate »