बलबीर सिंह सिद्धू का आरोप- हर वार्ड में 300 तक फर्जी वोट बनवा रही आप

चुनाव आयुक्त से जांच की मांग

मोहाली 10 (GeenewsNetwork) पंजाब के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता बलबीर सिंह सिद्धू ने आम आदमी पार्टी पर मोहाली नगर निगम चुनाव से पहले बड़े स्तर पर फर्जी वोट बनवाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने राज्य चुनाव आयुक्त से तुरंत हस्तक्षेप कर कथित फर्जी वोटों को रद्द करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की है।शनिवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए सिद्धू ने कहा कि आम आदमी पार्टी हर हाल में मोहाली नगर निगम पर कब्जा करना चाहती है और इसी मकसद से प्रत्येक वार्ड में करीब 300 फर्जी वोट बनवाई जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बाहरी लोगों के नाम वोटर सूची में जोड़ने के लिए बड़े पैमाने पर फर्जी किरायानामे तैयार किए गए हैं।उन्होंने कहा कि पिछले एक महीने में तैयार किए गए किरायानामों का प्रारूप एक जैसा है और उनका सत्यापन भी एक ही व्यक्ति द्वारा किया गया है, जिससे स्पष्ट होता है कि दस्तावेज एक ही जगह बैठकर तैयार किए गए हैं। सिद्धू ने दावा किया कि वार्ड नंबर 42 में 304 नई वोट जोड़कर मतदाताओं की संख्या 678 से बढ़ाकर 982 कर दी गई है। वहीं वार्ड नंबर 5 और आईटी सिटी क्षेत्र वाले वार्डों में भी बड़े पैमाने पर फर्जी वोटें जोड़ी जा रही हैं।कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि कई मतदाताओं की तस्वीरें वोटर सूची में नहीं लगी हैं और कुछ घरों में 20 से अधिक वोट बनाई गई हैं। उन्होंने इसे लोकतंत्र की हत्या बताते हुए कहा कि यदि चुनाव आयोग ने कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाएगी।

By Admin

Translate »