मोहाली 12 मई (Geenews network) जमीन का सौदा कर 80 लाख रुपये की ठगी मारने के आरोप में फेज-8 थाना पुलिस ने पति-पत्नी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान उधम सिंह व मंजीत कौर निवासी टावर ए-2 वल्र्ड वन कॉम्पलैक्स संते माजरा खरड़ के रूप में हुई है। दोनों को आईपीसी की धारा 420, 120बी की धाराओं में नामजद किया गया है। जांच अधिकारी अनुसार दोनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। यह मामला चंडीगढ़ सेक्टर-28डी के रहने वाले रवि गोयल के बयान पर दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने अपने बयान में कहा कि वर्ष 2016 में उधम सिंह व मंजीत कौर से उसने जमीन खरीदी थी। 57 बीघे 14 बिसवे जमीन गांव पवाला जिला फतेहगढ़ साहिब में थी। 28 लाख रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से 14 बीघे 16 बिसवे जमीन का सौदा 21 जुलाई 2016 को तेजिंदर सिंह पुनिया के दफ्तर में तय हुआ था। उसने उधम सिंह को 80 लाख रुपये नकद व बैंक के माध्यम से दिए थे। रजिस्ट्री की तारीख पर उक्त दंपत्ति ने उसकी रजिस्ट्री नहीं करवाई। उसे बाद में पता चला कि यह जमीन उसने अपने लडक़े रूबन के नाम पर ट्रांसफर करवा दी और खुद ऑस्ट्रेलिया चले गए हैं। उन्होंने सोची समझी साजिश के तहत उनसे 80 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। पुलिस ने जांच के बाद उक्त दंपत्ति पर मामला दर्ज कर लिया।

By Admin

Translate »