मोहाली 12 मई (Geenews network) सिटी खरड़ पुलिस ने एक आरोपी को 1 किलो अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अतुल कुमार निवासी गांव देवचारा तहसील आवलां बरेली उत्तरप्रदेश के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ सिटी खरड़ थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच अधिकारी पवित्रपाल सिंह ने बताया कि वह पुलिस टीम के साथ सन्नी एनक्लेव खरड़ में मछली मार्केट देसू माजरा में मौजूद थे। पुलिस वहां नाकाबंदी कर वाहनों की चैकिंग कर रही थी। उसी दौरान जंडपुर वाली साइड से एक युवक आता दिखाई दिया। युवक ने अपने कंधे पर एक बैग टांगा हुआ था। पैदल आते समय उसने सामने खड़ी पुलिस को देखकर अपना रास्ता बदल लिया। पुलिस को उस पर शक हुआ तो साथी कर्मचारियों की मदद से उसे काबू कर लिया गया। पुलिस ने उससे भागने का कारण पूछा तो वह तसल्ली बख्श जवाब नहीं दे पाया। जब उसके बैग की तलाशी ली तो पुलिस को उसमें से 1 किलो अफीम बरामद हुई। पुलिस ने अफीम को तुरंत कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज कर उसको गिरफ्तार कर लिया।
