-लोगों ने पीछा कर एक स्नैचर को दबोचा, दूसरा फरार; मोहाली में बढ़ रही झपटमारी की घटनाएं



मोहाली 9 मई (Geenews Network)
शहर में झपटमारी और लूटपाट की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला सेक्टर-78 स्थित सब्जी मंडी के पास सामने आया, जहां सब्जी खरीदने आई एक महिला की सोने की बालियां एक्टिवा सवार दो युवकों ने झपट लीं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत आरोपियों का पीछा किया, जिसके बाद एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया गया, जबकि उसका साथी फरार होने में कामयाब रहा।
जानकारी अनुसार सेक्टर-85 निवासी सरबजीत सिंह अपनी पत्नी के साथ सेक्टर-78 में सब्जी खरीदने आए थे। खरीदारी के बाद जैसे ही दोनों अपनी कार में बैठने लगे, तभी पीछे से एक्टिवा पर आए दो युवकों ने महिला के कानों से सोने की बालियां झपट लीं और मौके से फरार हो गए। महिला के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों और दो स्कूटर सवार युवकों ने तुरंत आरोपियों का पीछा शुरू कर दिया।
कुछ दूरी पर लोगों की मदद से एक आरोपी को पकड़ लिया गया। उसकी पहचान जगदीप सिंह निवासी राजस्थान, हाल निवासी सेक्टर-85 मोहाली के रूप में हुई है। वहीं उसका साथी दीपक भाटिया मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर सोहाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मोहाली में पिछले कुछ समय से झपटमारी की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। इससे पहले भी फेज-7, फेज-11, सेक्टर-70 और एयरपोर्ट रोड पर महिलाओं से चेन और मोबाइल झपटने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कई मामलों में आरोपी सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए, लेकिन इसके बावजूद वारदातों पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग पाया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाने की जरूरत है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश जारी है और शहर में झपटमारी की घटनाओं को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

By Admin

Translate »