-सोशल मीडिया पर हुई थी दोस्ती, शादी का झांसा देकर बनाए संबंध, अश्लील वीडियो बनाकर करता रहा ब्लैकमेल
मोहाली 9 मई (Geenews Network)
साउथ और पंजाबी इंडस्ट्री में काम करने वाली एक अभिनेत्री ने अपने ही दोस्त पर दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में थाना वूमेन सेल पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर कपूरथला निवासी अक्षय के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है।
पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह साउथ और पंजाबी इंडस्ट्री में बतौर अभिनेत्री काम करती है। उसकी मुलाकात आरोपी अक्षय से सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और बाद में नजदीकियां बढ़ गईं। अभिनेत्री के अनुसार आरोपी ने उसे अप्रैल 2025 में गानों की शूटिंग के सिलसिले में मोहाली बुलाया था। इसके बाद दोनों के बीच लगातार फोन पर बातचीत होती रही।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने बाद में उसके सामने शादी का प्रस्ताव रखा, जिसे उसने स्वीकार कर लिया। दोनों की सगाई भी हो गई थी। अभिनेत्री ने बताया कि अगस्त 2025 में आरोपी ने उसे सेक्टर-127 स्थित एक फ्लैट में मिलने के लिए बुलाया। वहां आरोपी ने कथित तौर पर कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे पिला दिया और उसकी मर्जी के बिना शारीरिक संबंध बनाए।
महिला का आरोप है कि आरोपी ने इस दौरान उसकी अश्लील वीडियो भी बना ली और बाद में उसी वीडियो के जरिए उसे ब्लैकमेल करता रहा। आरोपी कथित तौर पर उसे बार-बार मिलने के लिए मजबूर करता था और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी करता था।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी नशे की हालत में कई बार उसके साथ हिंसक व्यवहार करता था। लगातार परेशान किए जाने के बाद उसने पुलिस से शिकायत की।
थाना वूमेन सेल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
