शराब पीते समय हुआ झगड़ा, सुबह 4 बजे दिया हत्या को अंजाम, तकिए से ढका मुंह और कंबल से लाश ढककर हुए फरार

मोहाली 13 मई (Geenews Network) खरड़ की दर्पण सिटी में तुषार के हत्या के मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों तमन्ना और अमन को आज खरड़ अदालत में पेश किया गया। अदालत ने दोनों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस पूछताछ में यह बात सामने आई कि दोनों ने तुषार की हत्या को अंजाम सुबह 4 बजे के करीब दिया था। सिलेंडर से सिर पर वार करने के बाद जब तुषार की मौत हो गई तो खून से बिस्तर भर गया। दोनों ने तुषार का मुंह पिल्लो से ढक दिया और उसके शव पर कंबल डाल दिया। उसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए जिन्हें पुलिस ने नयागांव से गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल सिलेंडर भी रिकवर कर लिया है। दोनों के खिलाफ हत्या की धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया गया है।पुलिस पूछताछ में यह बात सामने आई कि तुषार की हत्या के पीछे दो वजह थी। पहली वजह यह थी कि दोनों के बीच फाइनेंशियल डिस्प्यूट था और दूसरी वजह यह थी कि तुषार ने तमन्ना से कहा था कि अमन उसकी लाइफ में कुछ ज्यादा ही दिलचस्पी लेता है जो उसे पसंद नहीं है। वहीं, पूछताछ में यह बात भी सामने आई है कि तमन्ना भी जींद की रहने वाली है। दोनों के परिवार वालों को एक दूसरे के बारे में पता था जो दोनों का विरोध करते थे जिस कारण दोनों करीब 8 महीने पहले खरड़ आ गए थे। दोनों दर्पण सिटी खरड़ में एक कोठी में कमरे लेकर बतौर पीजी लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। तुषार ने रणजीत सिंह नगर में सिप एंड बाइट कैफे लिया हुआ था। शनिवार की रात वह साढ़े 11 बजे कैफे से लौटा था। रात को तीनों ने मिलकर शराब पी थी। उसी दौरान पैसों के लेन-देन को लेकर पहले दोनों में बहस हुई जो बाद में तमन्ना व तुषार के निजी रिश्तों तक पहुंच गई। बात हाथापाई तक पहुंची तो तैश में आकर अमन ने सिलेंडर से तुषार के सिर पर वार किया जिससे उसकी मौत हो गई। डीएसपी संधू ने कहा कि हत्या अमन ने की लेकिन तमन्ना ने पुलिस को बताने जगह अमन का साथ दिया जिस कारण वह भी हत्या के आरोप में बराबर की जिम्मेवार है। आरोपी अमन मोहाली सेक्टर-79 का रहने वाला है और हरियाणा में ओपन यूनिवर्सिटी से बीए की पढ़ाई कर रहा है।
