पुलिस ने दप्पर व अजीजपुर टोल प्लाजा की फुटेज भी खंगाली
टैक्सी ड्राइवर का आरोप कंट्रोल रूम पर 18 कॉल किए किसी ने नहीं उठाया फोन
मोहाली 13 मई (Geenews Network) एयरपोर्ट रोड पर पैट्रोल पंप से पहले स्लिप रोड पर आराम कर रहे टैक्सी ड्राइवर की गन प्वाइंट पर तीन युवक स्विफ्ट डिजायर गाड़ी लूटकर फरार हो गए थे। इस मामले में सीसीटीवी फुटेज सामने आई है। लूट के बाद लुटेरे गाड़ी को छत लाइटों की तरफ ले गए थे। पैट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे से पुलिस ने फुटेज हासिल कर ली है। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी स्लिप रोड से छत लाइटों की तरफ भागे हैं। पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए जीरकपुर-पटियाला रोड पर पड़ते अजीजपुर टोल प्लाजा और जीरकपुर अंबाला हाईवे पर दप्पर टोल प्लाजा की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली है। टैक्सी ड्राइवर लवप्रीत ने आरोप लगाया कि लूट की वारदात के बाद वह पुलिस कंट्रोल रूम (112)पर करीब 18 कॉल की लेकिन किसी ने उसका फोन नहीं उठाया। उसने बताया कि वह गाड़ी में बूट उतारकर सो रहा था। लुटेरे गाड़ी के साथ उसके बूट भी साथ ले गए। वह नंगे पांव पैट्रोल पंप से छत लाइटों तक पहुंचा जहां उसे सडक़ सुरक्षा फोर्स में तैनात मुलाजिम मिले जिन्होंने उसे एयरोसिटी थाने जाने को कहा। लवप्रीत ने बताया कि वह दोबारा छत लाइट से एयरोसिटी थाने पहुंचा जहां उसने अपने बयान दर्ज करवाए और पुलिस ने अपनी कार्रवाई शुरु की। उसने बताया कि उसके साथ वारदात सुबह साढ़े 4 बजे हुई और करीब तीन घंटे बाद करीब साढ़े 7 बजे पुलिस ने उसकी शिकायत दर्ज की। इस मामले में एयरोसिटी एयरपोर्ट थाना पुलिस ने तीन लुटेरों के खिलाफ लूट की वारदात की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। लवप्रीत सिंह ने बताया कि वह एयरपोर्ट रोड पर अपनी स्विफ्ट गाड़ी में सवारियों को छोडक़र आया था। वह काफी थक गया था इसलिए उसने एयरपोर्ट रोड की स्लिप रोड पर अपनी गाड़ी रोकी और आराम करने लगा। करीब सुबह साढ़े 4 बजे जब वह गाड़ी में सो रहा था तो तीन लडक़े उसके पास आए और उन्होंने उसकी गाड़ी का शीशा खटखटाया। आवाज सुनकर उसकी नींद खुल गई तो उसने यह सोचकर गाड़ी का शीशा नीचे किया कि किसी को जरूरत होगी। तीनों युवकों में से एक ने उसे कहा कि खरड़ जाना है पैसे कितने लेने है। लवप्रीत ने कहा कि वह नहीं जाना चाहता। इतनी बात होने पर एक युवक ने हाथ डालकर गाड़ी की चाबी निकाल ली और दूसरे युवक ने उसका गला पकडक़र उसे गाड़ी से बाहर खींच लिया। लवप्रीत के बताने अनुसान दो युवकों के हाथों में पिस्टल थी। एक युवक ने पिस्टल के बट से उसके सिर पर हमला किया और दूसरे ने उसे धक्का देकर नीचे गिरा दिया। उसके बाद तीनों उसकी गाड़ी लेकर फरार हो गए।
