मोहाली,14 मई (Geenews network)दिल्ली की रहने वाली एक मेकअप आर्टिस्ट की शिकायत पर आईटी सिटी थाना पुलिस ने एक युवक के खिलाफ रेप का मामला दर्ज किया है। हालांकि महिला ने अपनी शिकायत दिल्ली पुलिस को दी थी। मामला मोहाली से जुडा होने के चलते दिल्ली पुलिस ने इस मामले में जीरो एफआईआर दर्ज कर केस मोहाली ट्रांसफर कर दिया। आगे की जांच मोहाली पुलिस कर रही है। आरोपी की पहचान बलजिंदर सिंह के रूप में हुई है। बलजिंदर सिंह पर आरोप है कि उसने शादी का झांसा देकर युवती के साथ रेप किया है। आरोपी पेशे से गायक व होटल का मैनेजर है। उसके खिलाफ आईपीसी की धारा-376, 506, 509 के तहत केस दर्ज किया है। जांच अधिकारी अनुसार आरोपी फरार बताया जा रहा है जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में पीडि़ता ने बताया कि वह किसी गाने के सिलसिले में पंजाब स्थित मलेरकोटला आई थी। यहीं पर उसकी मुलाकात गायक एवं मैनेजर बलजिंदर सिंह से हुई। जिसके साथ उसकी इंस्टाग्राम पर बातचीत होनी शुरू हो गई। कुछ दिन बाद बलजिंदर ने उसे मिलने के लिए चंडीगढ़ बुलाया इसी समय वह उसे मोहाली स्थित एक होटल में ले गया और वहां शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाए। जिसके बाद वह वापस दिल्ली लौट गई लेकिन इसके बाद बलजिंदर ने उसके साथ बात करनी बंद कर दी और उसे नजर अंदाज करना शुरू कर दिया। फिर आरोपी ने उसे आत्महत्या करने की धमकी देते हुए उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। जिसके बाद परेशान होकर उसने इस बात की शिकायत दिल्ली में पुलिस को दी। दिल्ली पुलिस ने शिकायत को लेकर जीरो एफआईआर दर्ज की और केस की आगामी जांच के लिए फाइल मोहाली भेज दी गई। इसके बाद मोहाली पुलिस ने अब इस केस में एफआईआर दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।
