मोहाली,18 जुलाई (Geenews network)स्पेशल टॉस्क फोर्स (एसटीएफ) ने गुप्त सूचना के आधार पर एक महिला व उसके साथी को 440 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया एक युवक पंजाब पुलिस का मुलाजिम है और फरीदकोट थाने में तैनात है। दोनों को आज एसटीएफ ने उस समय काबू किया जब वह मोहाली में अपने ग्राहक को हेरोइन की सप्लाई देने के लिए आए थे। पकड़े गए दोनों आरोपियों की पहचान गुरमीत सिंह निवासी गांव बीहले वाला थाना सादिक जिला फरीदकोट व नवदीप कौर उर्फ नव निवासी वचार्ड नंबर -5 तलवंडी भाई जिला फिरोजपुर के रूप में हुई है। दोनों से एक चंडीगढ़ नंबर वॉक्सवेगन पोलो गाड़ी भी बरामद हुई है।

उक्त दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना एसटीएफ फेज-4 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों को मोहाली अदालत में पेश किया गया जहां अदालत ने उन्हें रिमांड पर भेज दिया है। एसटीएफ टीम को मिली थी इनपुट इंस्पेक्टर एसटीएफ राम दर्शन शर्मा ने बताया कि उनकी टीम सेक्टर-85 मोहाली में गश्त पर तैनात थी। दोपहर करीब 3 बजे उनकी टीम को इनपुट मिली कि फरीदकोट का रहने वाला एक युवक गुरमीत सिंह जो खुद को पंजाब पुलिस का मुलाजिम बताता है नशा तस्कर है। उसके साथ एक महिला भी है। दोनों नशा करने के आदी हैं और मोहाली में किसी ग्राहक को नशे की सप्लाई देने के लिए आए हैं। सूचना देने वाले ने बताया दोनों गांव मौली में काका कार वॉश सर्विस स्टेशन पर अपनी वॉक्सवेगन पोलो गाड़ी की सर्विस करवा रहे हैं। अगर उनकी कार की तलाशी ली जाए तो काफी मात्रा में हेरोइन बरामद हो सकती है।

टीम ने सूचना के आधार पर काका कार वॉश सर्विस स्टेशन पर रेड की और चंडीगढ़ नंबर पोलो कार को घेर लिया। जब दोनों की कार की तलाशी ली गई तो उसमें से 440 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में कांस्टेबल गुरमीत सिंह ने बताया कि वह मुलाजिम है और फरीदकोट थाने में तैनात है। पुलिस ने दोनों को काबू कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज कर लिया।

By Admin

Translate »