
मोहाली 13 जून (Geenews Network) -डेराबस्सी में गन प्वाइंट पर प्रापर्टी डीलर से 1 करोड़ रुपये लूटकर ले जाने के मामले में मोहाली पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से लूटी हुई रकम में से 68 लाख रुपये बरामद हुए हैं। हालांकि इस मामले के मास्टर माइंड रणजोध सिंह को पुलिस ने वारदात के चंद घंटों बाद ही जीरकपुर वीआइपी रोड पर स्थित रेल विहार सोसायटी से गिरफ्तार कर लिया है। जबकि दो अन्य गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 25 वर्षीय मनिंदरजीत सिंह निवासी गांव बडाला जिला अमृतसर के रूप में हुई है। जबकि तीसरे आरोपी 22 वर्षीय सौरव शर्मा निवासी वार्ड नंबर-13 विष्णु नगर जिला गोहाणा के रूप में हुई है। आरोपियों के खिलाफ थाना डेराबस्सी में 307, 397, 120बी के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस पूछताछ के दौरान रणजोध ने बताया कि प्रापर्टी डीलर हरजीत नागपाल ने अपनी जद्दी जमीन बेची थी। जिसका 1 करोड़ रुपया उसके पास मौजूद था। आरोपी रणजोध सिंह भी प्रापर्टी कारोबारी था। उसने हरजीत सिंह के साथ वीआइपी रोड पर दुकानों की डील करवानी थी। जिसके लिए वह लगातार हरजीत नागपाल के साथ संपर्क में था। एक हफ्ते से दोनों के बीच प्रापर्टी डील की बात चल रही थी। रणजोध को लगा कि उसकी डील कामयाब नहीं होगी। जिस कारण एक करोड़ रुपये कैश देखकर उसके मन में लालच आ गया और उसने अपने साथियों के साथ रकम लूटने का प्लान बनाया। आरोपितों ने पहले 9 जून को हरजीत नागपाल को लूटना था लेकिन उस दिन उनकी प्लानिंग फेल हो गई क्योंकि नागपाल कैश साथ नहीं लाया था। अगले दिन रणजोध को पता था कि कैश हरजीत के दफ्तर में पड़ा है। जिसने अपने साथी भेजकर रकम लूट ली। इस बीच एक फ्रूट विक्रेता को गोली लगने से वह घायल भी हो गया था।

