मोहाली 13 जून (Geenews Network)
जीरकपुर में वीआईपी रोड पर स्थित पेंटा होम सोसाइटी में एक पति पत्नी की लड़ाई में बेरहम बाप ने अपने 6 माह के बच्चे का मुंह दबाकर उसे मौत के घाट उतार दिया। बताया जा रहा है कि पति पत्नी का आपस मे क्लेश चल रहा था, जिसका खामियाजा बच्चो को अपनी जान गवाकर भुगतना पड़ा। पुलिस ने बच्चे की मां कि शिकायत पर आरोपी पिता के खिलाफ आईपीसी की धारा 302 के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए डेराबस्सी अस्पताल की मोर्चारी में रखवा दिया है। पुलिस को दी गई शिकायत में मृतक बच्चे की मां नीतिका (26) निवासी पेंटा होम सोसाइटी वीआईपी रोड ने बताया कि उसकी शादी नवंबर 2020 में अभिषेक शर्मा निवासी देहरादून उत्तराखंड के साथ हुई थी और जनवरी 2022 में उनके घर एक बेटे का जन्म हुआ, जिसका नाम सार्थक रखा गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसका अपने पति के साथ अक्सर लड़ाई झगड़ा रहता था। बीती 11 जून को वह अपने पति के साथ उनके घर गई थी। जहां एक फंक्शन के दौरान उनका ससुराल परिवार के साथ झगड़ा हो गया। जिस कारण वह रात 2 बजे ही वहां से वापिस आ गए और सुबह 6 बजे वीआईपी रोड पर स्थित पेंटा होम पहुंच गए। घर पहुंचने के बाद उनका झगड़ा फिर से शुरु हो गया। इस दौरान उसके पति ने उसे घर से बाहर निकालकर अंदर से कुंडी लगा ली। उसके पति ने बच्चे को अपने पास ही रख लिया। कुंडी न खोलने पर वह अपनी बहन के घर चली गई। जब वह शाम को घर वापिस आई, तो घर पर लॉक लगा हुआ था। जिसके बाद जब वह अगले दिन घर वापिस आई तो देखा दरवाजा खुला हुआ था और उसका पति भी वहीं बैठा हुआ था। जब मां ने बेड पर लेटे बच्चे को उठाया, तो वह सांस नहीं ले रहा था। इस दौरान पति ने बताया कि उसने मुंह दबाकर उसे मार दिया है। जिसके बाद मृतक बच्चे की मां नीतिका ने इसकी जानकारी पुलिस को दी, तो पुलिस ने मौके पर पहुंच पति को हिरासत में लेकर बच्चे के शव को सिवल अस्पताल डेराबस्सी की मोर्चारी में रखवा दिया है।
हमें सुबह करीब साढ़े 8 बजे सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शिकायतकर्ता के पति को हिरासत में ले लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पति ने हत्या क्यों की, इसकी जांच की जा रही है: दीप इंदर बराड़ एस एच ओ जीरकपुर

