गांव कुंभडा में वारदात की बना रहे थे योजना
मोहाली 3 जुलाई (Geenews Network) – फेज-8 थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दो युवकों को सेक्टर-68 स्थित सिटी पार्क के पास से अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार किया है। आरोपियों से देसी कट्टे बरामद हुए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय निवासी यूपी व अनिल निवासी तरनतारन के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ थाना फेज-8 में मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को मोहाली कोर्ट में ड्यूटी मैजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया जहां अदालत ने दोनों ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि उनकी पुलिस पार्टी कुंभड़ा में सर्च अभियान कर रही थी। आने जाने वाले वाहनों की चैकिंग की जा रही थी। उसी दौरान एक पुलिस मुलाजिम को गुप्त सूचना मिली कि दो युवक अवैध हथियार लेकर सेक्टर-68 में सिटी पार्क में किसी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। पुलिस ने सूचना के आधार पर जब सिटी पार्क में रेड की तो दोनों युवकों को देसी कट्टे सहित गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में यह बात सामने आई कि दोनों युवक गांव कुंभडा में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के प्लान बना रहे थे।

