मृतक के जीजा ने साथ गए दोस्तों पर जताया शक,
मोहाली 3 जुलाई (Geenews Network) – सिसवा डैम में शनिवार दोपहर को युवक की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई । मुल्लांपुर पुलिस की ओर से लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खरड़ सरकारी अस्पताल में भेज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है । मृतक की पहचान कृष्ण हाल वासी कैमबाला के रूप में हुई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ गांव कैमबाला में रहता था और वहीं अपने जीजा के साथ कबाड़ी का काम करता था । कृष्ण के जीजा सुरेश कुमार ने बताया है कि शनिवार की सुबह 11 बजे कृष्ण को उसके दोस्तों ने फोन कर बुलाया था। उसके दोस्तों में दो लडक़े और एक लडक़ी थी। वह चारों कार में सवार होकर सिसवां डैम पर घूमने के लिए निकले थे । दोपहर करीब 1 बजे उन्हें मुल्लांपुर थाने से फोन आया था कि उनके पहचान के व्यक्ति की हालत गंभीर है और वे उसे लेकर खरड़ सरकारी अस्पताल जा रहे हैं और पुलिस की ओर से घरवालों को अस्पताल में आने के लिए बोला गया था। घरवालों के पहुंचने से चला कि कृष्ण की मौत हो चुकी है। कृष्ण के घर वालों ने साथ में गए दोस्तों पर मौत की आशंका जताई है। कृष्ण के जीजा का कहना है कि उन्हें पुलिस ने बताया था कि कृष्ण के साथ गए दोस्तों का कहना था कि कृष्ण बाथरूम करने के लिए डैम से नीचे उतरा था उसी वक्त उसका पांव फिसल गया जिस कारण वह नीचे गहरी खाई में गिर गया। उनका आरोप है कि जब कृष्ण के दोस्त साथ गए थे तो वह कृष्ण को ऐसी हालत में छोडक़र क्यों भाग गए और वह उसे एम्बुलेंस बुलाकर अस्पताल में क्यों नहीं लेकर गए। इसी बात से परिजनों को उनके दोस्तों पर शक है । पुलिस से इस विषय पर जांच करने की अपील की है, वहीं जांच कर रहे अधिकारी राजकुमार ने बताया है कि सिसवा डैम पर शनिवार वाले दिन पर्यटकों की काफी भीड़ होती है । स्थिति को हर ऐंगल से जांचा जा रहा है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद ही आगे की जांच की जाएगी।

