भोला सहित 7 लोगों को 10-10 साल की सजा, पत्नी व ससुर को 3-3 साल की सजा व 10-10 हजार जुर्माना-मामले में कुल 23 आरोपी, 17 को मिली सजा, चार की ट्रॉयल दौरान हुई मौत, 2 आरोपी भगौड़े
मोहाली, 30 जुलाई (Geenews network) ईडी की विशेष अदालत में 6 हजार करोड़ रुपये की इंटरनेशनल ड्रग तस्करी से जुड़े मनी लॉड्रिंग मामले की सुनवाई हुई। अदालत ने आज सुनवाई दौरान पंजाब पुलिस के बर्खास्त डीएसपी व अर्जुन अवार्डी पहलवान रुस्तम-ए-हिंद जगदीश भोला सहित 17 लोगों को सजा सुनाई है। इसमें भोला की पत्नी व ससुर भी शामिल हैं। हालांकि आज भोला अदालत में नहीं आया, उसे वीडियो कॉन्फ्रैंसिंग के माध्यम से कोर्ट में पेश किया गया जबकि मामले से जुडे अन्य आरोपी कोर्ट में पहुंचे थे। 11 साल बाद इस मामले में फैसला आया है। वर्ष 2013 में ईडी ने मामला दर्ज कर इसकी जांच शुरु की थी। दोषियों को पीएमएल एक्ट की अलग-अलग धाराओं के तहत सजा सुनाई गई है।
अदालत ने मनी लॉड्रिंग मामले में दोषी जगदीश भोला, अवतार उर्फ तारी को 10 साल सजा व 50 हजार जुर्माना, मनप्रीत सिंह, सुखराज सिंह , सुखजीत सिंह, दविंदर सिंह व मनिंदर सिंह को 10-10 साल की सजा सुनाई है। वहीं, दोषी गुरप्रीत सिंह , सुभाष बजाज, सुरज बजाज व अंकुर बजाज को 5-5 साल की कैद व 30-30 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। इसके अलावा जगदीश भोला की पत्नी गुरप्रीत कौर, अवतार सिंह की पत्नी संदीप कौर, जगमिंदर कौर औलख, गुरमीत कौर, अमरजीत कौर व भोला के ससुर दिलीप सिंह मान को 3-3 साल की कैद व 10-10 हजार रुपये जुर्माना किया है।
ईडी के पूर्व डिप्टी डायरेक्टर निरंजन सिंह (जिन्होंने पूरे मामले की जांच की) ने बताया कि आज जिस मनी लॉड्रिंग मामले में जगदीश भोला व अन्य 17 लोगों को सजा सुनाई गई है, यह मामला इंटरनेशनल ड्रग रैकेट से जुडा था। उन्होंने कहा कि मनी लॉड्रिंग मामले में चार चार्जशीट फाइल की थी जिसमें ईडी अदालत ने फैसला सुनाया है। इस मामले में भोला व उसके परिवार सहित कुल 23 आरोपी थे। इनमें 4 आरोपियों की ट्रॉयल दौरान मौत हो चुकी है और दो आरोपी भगौड़े हैं जबकि 17 को सजा सुनाई गई है।
