मोहाली,24 जुलाई (Geenews network)मोहाली पुलिस ने गन प्वाइंट पर लूटपाट व वाहन चोरी करने वाले गिरोह के तीन सरगर्म गूर्गों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में एक युवक भारतीय फौज में अग्निवीर सिपाही है। आरोपियों से पुलिस ने एक जाली नंबर टैक्सी कार डिजायर, जाली नंबर एक्टिवा, जाली नंबर बुलेट मोटरसाइकिल व एक देसी पिस्टल 315 बोर व दो कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा आरोपियों से एक खाली कारतूस, छीने गए दो फोन भी बरामद हुए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इशमीत सिंह उर्फ ईशू, प्रभप्रीत सिंह उर्फ प्रभ (दोनों सगे भाई), बलकर्ण सिंह तीनों निवासी गांव टाहली वाला बंदला जिला फाजिल्का के रूप में हुई है। तीनों आरोपी 18 से 22 साल की उम्र के हैं।बलौंगी में लिया हुआ था पीजी पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पिछले दो महीने से बलौंगी में पीजी लेकर रह रहे थे। वह वारदात करते थे और उसके बाद फाजिल्का भाग जाते थे। आरोपी गन प्वाइंट पर टैक्सी गाडिय़ां लूटते थे। उस पर जाली नंबर प्लेट लगाकर वह आगे वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपियों ने पूछताछ में दो चोरी भी कबूल की है, जिसमें उन्होंने एक एक्टिवा व बुलेट चोरी किया था। इन पर भी जाली नंबर प्लेट लगाकर वह इन वाहनों को आगे वारदात करने के लिए अन्य सदस्यों को देते थे। कुछ वाहन आरोपियों ने आगे बेच दिए हैं। तीनों आरोपियों को पुलिस ने फाजिलका एरिया से गिरफ्तार किया है। पुलिस को इनपुट मिली थी कि एक गैंग वाहन चोरी व अवैध हथियारों की नोक पर डरा धमकाकर गाडिय़ां छीनता है। पुलिस ने ट्रैप लगाकर आरोपियों को गिरफ्तार किया । उनके खिलाफ सदर कुराली थाने में बीएनएस की धारा 303 (2), 307, 308 (3), 317 (2), 341 (2), 3 (5) व आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। चप्पड़चिड़ी के नजदीक गन प्वाइंट पर लूटी थी कार आरोपियों ने 20/21 जुलाई की दरमियान रात इन ड्राइव एप्प के माध्यम से कैब बुक करवाई। कैब जिस फोन के माध्यम से बुक करवाई वह फोन आरोपियों ने लुधियाना के एक व्यक्ति से छीना था। कैब चालक मनिंदर ने सुबह 4 बजे इडस्ट्रियल एरिया से उक्त आरोपियों को लोकेशन से पिक किया और उन्हें चप्पड़चिड़ी ले जा रहा था। एक सुनसान जगह पर आरोपियों ने गन प्वाइंट पर उसकी कार और 2500 रूपये छीनकर फरार हो गए थे। मनिंदर के बयान पर बलौंगी थाने में लुटेरों के खिलाफ बीएनएस की धारा 307, 308, 125, 61 (2) व आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। पूछताछ में यह बात सामने आई कि आरोपी इशमीत सिंह उर्फ ईशू नवंबर 2022 में भारतीय फौज में बतौर अग्निवीर सिपाही भर्ती हुआ था। इशमीत पश्चिमी बंगाल में ड्यूटी करता था। वह करीब दो महीने पहले 1 महीने की छुट्टी पर आया था। छुट्टी के बाद इशमीत सिंह अपनी ड्यूटी पर वापिस नहीं गया।

By Admin

Translate »