मोहाली,19 जुलाई (Geenews network) पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने पर्ल्स एग्रोटेक कॉर्पोरेशन लिमिटेड (पीएसीएल) मामले में सनरंजीवन इंफ्रास्ट्रक्चर एंड प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के भगोड़े आरोपी निदेशक प्रशांत मांजरेकर को मुंबई हवाई अड्डे से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को मुंबई से मोहाली लाया जा रहा है जिसे शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा।विजिलेंस ने आरोपी को विशेष जांच दल (एसआईटी) व इमीग्रेशन टीम के सहयोग से गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए मुंबई एयरपोर्ट से दुबई भागने की कोशिश कर रहा था।इसकी जानकारी देते हुए राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपी गांव घोलूमाजरा तहसील डेराबस्सी जिला मोहाली में पीएसीएल लिमिटेड की संपत्तियों की गैर कानूनी बिक्री में शामिल था। इस संबंध में पुलिस स्टेशन सदर सिटी जीरा जिला फिरोजपुर में एफआईआर 16 जुलाई 2020 को दर्ज हुई थी। आरोपी आईपीसी की धारा 406, 420, 467, 468, 471 व 120-बी के तहत दर्ज मामले में वांछित था। आरोपी को पता था कि सुप्रीम कोर्ट ने पहले ही पीएसीएल लिमिटेड को गांव घोलूमाजरा व अन्य स्थानों पर पीएसीएल कंपनी की किसी भी प्रकार की संपत्ति बेचने पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। उन्होंने आगे बताया कि फेनोमेनल कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड और सनरंजीवन इंफ्रास्ट्रक्चर एंड प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशकों/प्रमोटरों ने अन्य लोगों की मिलीभगत से वर्ष 2018-19 में गांव घोलूमाजरा में पीएसीएल की अदालत की ओर से विवादित घोषित की गई 115 बीघा जमीन पर बेला विस्टा-01 और बेला विस्टा-02 नाम से दो कॉलोनियां तैयार की है। आरोपी डेवलपर्स ने दोनों कॉलोनियों में लोगों को प्लॉट व मकान बेचकर मोटी कमाई की, जिस कारण विजिलेंस ब्यूरो ने उक्त मामले में इन कंपनियों के प्रमोटरों को नामज़द किया है।गौरतलब है कि पी.ए.सी.एल लिमिटेड की संपत्तियों को बेचने और बिक्री से प्राप्त आय इस कंपनी की ओर से प्रस्तुत की सामूहिक निवेश योजना में अपनी मेहनत की कमाई लगाने वाले निवेशकों को वापिस करने संबंधी सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पालन करते हुए जस्टिस (सेवानिवृत्त) आर.एम. लोढ़ा की अध्यक्षता में समिति का गठन किया गया। प्रवक्ता ने आगे बताया कि उक्त आरोपी का ट्रांजिट रिमांड ले लिया गया है और उसे पंजाब की संबंधित अदालत में पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मामले की आगे की जांच जारी है।

By Admin

Translate »