महिला मित्र को आइसक्रीम खिलाने आया था टैक्सी ड्राइवर, आइसक्रीम पसंद ना आने पर महिला को मारे थे थप्पड़

जिसकी हत्या हुई उसने टैक्सी ड्राइवर को ऐसा करने से रोका, फ्लाइओवर पर पीछा किया पहले पीछे से मारी टक्कर, फिर रॉड मारकर कर दी हत्या

मोहाली,4 जून (Geenews network) एक मामूली बात को लेकर हुए झगड़े में तैश में आए टैक्सी ड्राइवर ने मोटरसाइकिल चालक को पहले टक्कर मारकर नीचे गिराया और बाद में सिर पर रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी। यह वारदात 3 जून देर रात की है। जिसकी हत्या हुई वह बलौंगी का रहने वाला था। मृतक की पहचान जतिंदर सिंह के रूप में हुई है। इस वारदात में जतिंदर की मुंह बोली बहन भी जख्मी हुई है जो खरड़ सिविल अस्पताल में भर्ती है। हत्या की वारदात को टैक्सी ड्राइवर जीरकपुर की रेल विहार सोसायटी के रहने वाले जतिंदरपाल सिंह ने अंजाम दिया। आरोपी जतिंदरपाल सिंह मूल रुप से मलेरकोटले का रहने वाला है। बलौंगी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ बलौंगी थाने में आईपीसी की धरा 302 (हत्या) का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी जतिंदरपाल सिंह को मोहाली कोर्ट में पेश किया गया जहां अदालत ने उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस इस मामले में बुधवार को प्रैस कॉन्फ्रैंस कर सकती है।दरअसल, जतिंदरपाल सिंह की महिला मित्र भी मलेरकोटले की है। जतिंदरपाल सिंह टैक्सी चलाता है उसकी महिला मित्र अपनी एक सहेली के साथ खरड़ क्षेत्र में पीजी रहती है। 3 जून की रात करीब 12 बजे जतिंदरपाल सिंह की महिला मित्र ने उसे फोन कर अपने पीजी बुला लिया। जतिंदरपाल सिंह उसके पीजी पहुंचा और वहां तीनों ने शराब पी। देर रात डेढ बजे जतिंदरपाल सिंह की महिला मित्र ने उसे गेडी मारने के लिए कहा और वह तीनों कार में निज्जर चौक से आगे एक ढाबे पर आइसक्राइम खाने पहुंचे। वहां बलौंगी निवासी जतिंदर सिंह भी अपनी मुंह बोली बहन के साथ खाना खा रहा था। इसी बीच आरोपी जतिंदरपाल सिंह की महिला मित्र ने आइसक्रीम खाने को कहा तो जतिंदरपाल सिंह ने दोनों युवतियों को आइसक्राइम दिला दी लेकिन जतिंदरपाल सिंह की महिला मित्र की सहेली ने कहा कि उसे यह आइसक्राइम पसंद नहीं है। जतिंदरपाल सिंह ने उसे दूसरी आइसक्रीम दिलाई तो उसने उसे भी इंकार कर दिया जिस पर जतिंदरपाल सिंह ने अपनी महिला मित्र की सहेली के मुंह पर थप्पड़ जड़ दिया। वहीं जतिंदर सिंह जो अपनी बहन के साथ खाना खा रहा था ने यह सब देखा और जतिंदरपाल सिंह को टोका कि वह मर्दों वाले काम करे महिला को क्यों मार रहा है। इस बात पर आरोपी जतिंदरपाल सिंह तैश में आ गया। उस समय जतिंदर सिंह अपनी मुंह बोली बहन को लेकर मोटरसाइकिल पर अपने घर की तरफ निकल गया। जतिंदरपाल सिंह ने पहले उसके मोटरसाइकिल को टक्कर मारने का प्रयास किया लेकिन वह दोनों भाई-बहन बचकर निकल गए। जतिंदरपाल सिंह ने दोबारा उनका पीछा किया और बलौंगी फ्लाईओवर पर उनके बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। दोनों भाई-बहन सडक़ पर गिर गए जिसके बाद जतिंदरपाल सिंह गाड़ी से बाहर निकला जिसने हाथ में रॉड पकड़ी हुई थी। उसने रॉड से जतिंदर सिंह के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसकी मुंह बोली बहन से शोर डाला तो लोग इक्ट्ठा हो गए। आरोपी जतिंदरपाल सिंह को मौके से अपनी टैक्सी लेकर फरार हो गया। राहगीरों ने दोनों को सिविल अस्पताल फेज-6 पहुंचाया जहां जतिंदर सिंह को डॉक्टरों ने मृतक घोषित कर दिया जबकि उसकी बहन को खरड़ अस्पताल में रैफर कर दिया। बाद में पुलिस ने मौके पर जाकर बयान दर्ज कर कार्रवाई की।

जतिंदरपाल सिंह को हत्या के बाद ही गिरफ्तार कर लिया था। उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। वह दो दिन के पुलिस रिमांड पर है। सुमित मोर, एसएचओ (बलौंगी)

By Admin

Translate »