– पंजाब भर से 23 जत्थेबंदियां धरने में हुई शामिल-
किसानों की चेतावनी अगर मांगे ना मानी तो सीएम निवास के बाहर देंगे पक्का धरना
मोहाली 17 मई (Geenews Network)
मोहाली जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में निकाले जा रहे एनएचआई 205-ए में आ रही किसानों की जमीन पंजाब सरकार द्वारा एक्वायर करने के बाद उन्हें बनता मुआवजा ना मिलने पर मंगलवार को मोहाली के अंब साहिब गुरुद्वारा साहिब के बाहर सैकड़ों की तादाद में किसान इकठ्ठा हुए।

रोड संयुक्त किसान कमेटी की ओर से विशाल धरने के आह्वान के बाद पंजाब भर से अलग-अलग जिले की 23 जत्थेबंदियां मोहाली पहुंची। वहीं किसानों द्वारा धरना दिए जाने की बात प्रशासन को पहले से पता होने के चलते पुलिस ने भी पुख्ता बंदोबस्त किए हुए हैं। सोमवार रात ही चंडीगढ़ मोहाली बॉर्डर को बैरिकेट्स लगाकर पूर्ण तौर पर बंद कर दिया गया था।
किसानों ने अपनी 13 मांगों को लेकर धरना दिया है। किसान चंडीगढ़ में सीएम निवास घेरने के लिए रवाना होंगे। किसान जत्थेबंदियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता वह सीएम आवास के बाहर पक्का धरना लगाएंगे। किसान गुरुद्वारा अंब साहिब के बाहर खुले मैदान में ट्रैक्टर ट्रालियां लेकर मौजूद है। फिलहाल किसान जत्थेबंदियों की मीटिंग चल रही है। मीटिंग में क्या फैसला लिया गया उसके बाद ही अगली कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पता लगा है कि सीएम ऑफिस से किसानों को मिलने का समय दे दिया गया है। 23 जत्थे बंदियों के नेता मेमोरेंडम देने के लिए चंडीगढ़ जा रहे हैं। लेकिन चंडीगढ़ मोहाली बॉर्डर पर यूटी पुलिस द्वारा उन्हें रोकने के पूरे बंदोबस्त किए हुए हैं।

किसान जत्थे बंदियों का कहना है कि आईटी सिटी से कुराली तक बन रहे नेशनल हाईवे में किसानों की एक्वायर की जमीनों का जिस तरह से मुआवजा तय किया गया था, उस में बड़े स्तर पर धांधली की जा रही है। इसलिए जब तक सरकार इसकी इंक्वायरी नहीं करवाती तब तक सरकार और किसानों में कोई फैसला नहीं होगा। रोड संयुक्त किसान कमेटी के अधिकारियों ने कहा कि लंबे समय से किसान अधिकारियों के साथ मीटिंग करते आ रहे हैं लेकिन प्रशासन उनकी बात सुनने की बजाय अपनी मनमानी से लिए फैसले उन पर थोप रही है। जोकि किसान बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली की तरह अब चंडीगढ़ में पंजाब सरकार को किसानों के तीखे संघर्ष का सामना करना पड़ेगा। पुलिस ने किया रोड डायवर्टकिसानों की विशाल धरने की कॉल के बाद पुलिस ने लोगों की परेशानी को देखते हुए रूट डायवर्ट कर दिया है।

किसान अंब साहिब गुरुद्वारा साहब के बाहर इकट्ठा हुए हैं। गुरुद्वारा सिंह शहीदां से आने वाला रूट सेक्टर 70 लाइट पॉइंट से फेज- 5 की तरफ डायवर्ट कर दिया है। इसी तरह फेज- 10 से फेज- 7 की ओर आने वाला रूट भी पंजाब स्कूल एजुकेशन बोर्ड की तरफ से डायवर्ट कर दिया गया है। वही चंडीगढ़ से मोहाली को आने वाला रूट भी डायवर्ट करके सेक्टर 52 की तरफ भेजा जा रहा है। वहीं 3बी2 से फेज-10 को जाने वाला रूट भी डायवर्ट कर सेक्टर -70 की ओर भेजा गया है।


