खरड़ में था जिम ट्रेनर, गोलियां मारने के बाद तलवारों से किया हमला

मोहाली,1 फरवरी (Geenews network)खरड़ में पड़ते शिवजोत एनक्लेव में 31 वर्षीय युवक की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। वारदात शुक्रवार रात 11 बजे की है। हमलावरों ने पहले युवक पर गोलियां मारी और तसल्ली ना होने पर बाद में तलवारों से हमला कर उसकी बेहरमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मृतक की पहचान बठिंडा के रामपुरा के रहने वाले गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है। मृतक पहले कबड्डी का प्लेयर था और फिलहाल खरड़ में जिम ट्रेनर का काम करता था। इस हत्या मामले में पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या व आम्र्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। हमलावरों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं। सीआईए टीम भी मामले में जांच कर रही है। फिलहाल हत्या की वजह सामने नहीं आई है।
डीएसपी खरड़ कर्ण सिंह संधू ने बताया कि पुलिस को रात को फायरिंग होने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो गुरप्रीत सिंह की लाश खून से लथपथ सडक़ पर पड़ी थी। उसे तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृतक घोषित कर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस को सीसीटीवी कैमरे की फुटेज मिल चुकी है और पुलिस की टीमें आरोपियो को पकडऩे के लिए छापेमारी कर रही है। उन्होंने कहा कि आरोपियो को जल्द पकड़ लिया जाएगा। वहीं, शनिवार को मृतक गुरप्रीत सिंह के शव का पोस्टमार्टम खरड़ सिविल अस्पताल में डॉक्टरों की चार मैंबरी कमेटी ने किया है और पोस्टमार्टम के बाद शव संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। डीएसपी ने कहा कि युवक की हत्या की वजह अभी सामने नहीं आई है। आरोपियो की गिरफ्तारी के बाद ही कत्ल की असल वजह सामने आएगी।


आज बेटे की लाश लेने बठिंडा से पहुंचे मृतक के पिता बलदेव सिंह ने इंसाफ की मांग की है। उन्होंने कहा कि उनके बेटे की बेहरमी से हत्या की गई है। हत्यारों को जल्द पकडक़र जेल भेजा जाए। वह अपने बेटे का शव बठिंडा ले गए हैं। उसके जद्दी गांव में ही उसका संस्कार किया जाएगा।

By Admin

Translate »