पुलिस ने रिकवर की फारच्र्यूनर कार, टैटू की दुकान पर आया था गुरप्रीत, बहस के बाद एक युवक ने मारी गोलियां

मोहाली,2 फरवरी (Geenews network) खरड़ में पड़ते शिवजोत एनक्लेव में 31 वर्षीय कब्बड़ी प्लेयर की गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस का कहना है कि अभी किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। हत्या हुए पूरे दो दिन हो चुके हैं और हमलावर पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस ने एक फारच्र्यूनर कार रिकवर की है। बताया जा रहा है कि यह फारच्र्यूनर कार हमलावरों की है। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। हत्या के मुख्य आरोपी को पकडऩे के लिए उससे पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि गुरप्रीत की हत्या उसके किसी करीबी साथी ने की है, लेकिन पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुरप्रीत सिंह मार्केट में टैटू की दुकान पर आया था। वह पहले भी यहां आता-जाता था। करीब साढ़े 10 बजे गुरप्रीत सिंह से पांच-छह युवक बहस कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक ने गुरप्रीत सिंह के हेल्मेट मारा और उसके बाद तीन युवकों ने उस पर हमला कर दिया। वह उसे पीटते हुए बूथों से दूर सडक़ पर ले गए जहां एक युवक ने पिस्टल निकाली और गुरप्रीत सिंह के दो गोलियां मार दी। वहीं एक तीसरी गोली सामने बूथ पर लगी। गुरप्रीत सिंह लहूलुहान हालत में जमीन पर गिरा हुआ था, तभी एक अन्य कार में कुछ और युवक आए। उनमें एक युवक कार से उतरा और उसने तलवार से गुरप्रीत सिंह पर हमला कर दिया। बाद में मार्केट के लोग इक्ट्ठा हुए तो सभी हमलावर मौके से भाग गए। किसी ने पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी लेकिन पुलिस के आने से पहले गुरप्रीत को अस्पताल ले गए था जहां डॉक्टरों ने उसे मृतक घोषित कर दिया।
फिलहाल खरड़ पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या व आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
हमलावरों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं। सीआईए टीम भी मामले में जांच कर रही है। फिलहाल हत्या की वजह सामने नहीं आई है।
डीएसपी खरड़ कर्ण सिंह संधू ने बताया कि पुलिस को रात को फायरिंग होने की सूचना मिली थी। गुरप्रीत सिंह को खून से लथपथ हालत में सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृतक घोषित कर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस को सीसीटीवी कैमरे की फुटेज मिल चुकी है और पुलिस की टीमें आरोपितों को पकडने के लिए छापेमारी कर रही है। आरोपितों की पहचान कर ली गई है। उन्होंने कहा कि आरोपितों को जल्द पकड़ लिया जाएगा। वहीं, शनिवार को मृतक गुरप्रीत सिंह के शव का पोस्टमार्टम खरड़ सिविल अस्पताल में डॉक्टरों की चार मैंबरी कमेटी ने किया और पोस्टमार्टम के बाद शव संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद ही कत्ल की असल वजह सामने आएगी।
