साइबर क्राइम पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ किया धोखाधड़ी का मामला दर्ज

मोहाली,12 नवम्बर  (Geenews Network)83 वर्षीय एक बुजुर्ग से कस्टम और सीबीआई अधिकारी बनकर कुछ ठगों ने 85 लाख रुपये ठग लिए। मामला साइबर क्राइम पुलिस के पास पहुंचा है। साइबर पुलिस ने पीडि़त निरवैर सिंह के बयान पर अज्ञात ठगों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है। शिकायतकर्ता निरवैर सिंह ने कहा कि ठग उनकी पूरे जीवन भर की जमा पंूजी ले गए।
निरवैर सिंह ने साइबर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पास एक फोन आया। कॉलर ने उसे कहा कि वह मुंबई एयरपोर्ट के कस्टम डिपार्टमेंट का अधिकारी बोल रहा है। वह उसे सचमुच का कस्टम अधिकारी समझकर उससे बात करने लगा। आरोपी ने कहा कि उनके नाम पर एक पार्सल है, जिसमें 10-15 पासपोर्ट और अवैध दस्तावेज हैं। निरवैर सिंह नकली कस्टम अधिकारी से कहा कि ना तो उन्होंने ऐसा कोई पार्सल भेजा है और ना ही उनका मुंबई से कोई वास्ता है। नकली अधिकारी ने उसे डराने के लिए कहा कि पार्सल पर उनका आधार नंबर लिखा है। बाद में उस नकली कस्टम अधिकारी ने कहा कि वह उसकी कॉल सीबीआई के वरिष्ठ अधिकारी को ट्रांसफर कर रहा है। उसे व्हट्सएप्प पर वीडियो कॉल आई और सामने बैठे व्यक्ति ने अपना नाम सुनील कुमार बताया और कहा कि वह सीबीआई से है। सुनील नाम के शख्स ने वीडियो कॉल पर उसे डराया कि यह बड़ा अपराध है और अगर उन्होंने इस बारे में परिवार को बताया तो उन्हें सात साल की जेल हो सकती है। फिर व्हट्सएप्प पर उनकी प्रॉपर्टी को जब्त करने का नोटिस भी भेज दिया , जिससे निरवैर सिंह और अधिक भयभीत हो गए।
ठगों ने बैंक खाते की जांच के नाम पर निरवैर सिंह के सारे पैसे ट्रांसफर करने को कहा, ताकि आरबीआई द्वारा उनके पैसे की जांच हो सके। ठगों ने एक बैंक अकाउंट की जानकारी भी भेजी, जिसमें निरवैर सिंह ने 85 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। पैसे भेजने के बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ, जिसके बाद उन्होंने मोहाली साइबर क्राइम में शिकायत दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

By Admin

Translate »