पकड़े गए अपराधियों से 146 मोबाइल, 238 ग्राम सोना, 150 ग्राम चांदी और 4 लाख 64 हजार 360 रुपये नकदी बरामद


मोहाली, 5 नवंबर ( Geenews network)मोहाली पुलिस ने झपटमारों को पकडऩे और उनके खिलाफ शुरु की मुहिंम के तहत अब तक स्नैचिंग के 167 मामले दर्ज कर 254 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस इन आंकड़ों के हिसाब से 116 केस ट्रेस कर पाई है। पकड़े गए अपराधियों से 146 मोबाइल, 238 ग्राम सोना, 150 ग्राम चांदी और 4 लाख 64 हजार 360 रुपये नकदी बरामद कर चुकी है। आंकड़ों के अनुसार आरोपियों का पता लगाने की प्रतिशता 69.46 फीसदी है। यह कार्रवाई 1 जनवरी 2024 से लेकर 31 अक्टूबर तक की गई है।
आधे दाम पर सुनार को बेचते थे चेन
कुछ आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया कि वह 2008 से स्नैचिंग की वारदातें कर रहे हैं। पकड़े गए स्नैचरों में ज्यादातर की उम्र 19 से 27 साल है। ज्यादातर आरोपी नशेडी हैं और अपनी नशे की लत को पूरा करने के लिए स्नैचिंग की वारदातें कर रहे हैं। कुछ अपराधी ऐसे भी सामने आए जिसने खुलासा किया कि वह 100 से अधिक वारदात कर चुके हैं। कई मामलों में वह जेल भी जा चुके हैं। उसके खिलाफ मोहाली के अलावा चंडीगढ़ व पंचकुला में भी 40 से अधिक केस दर्ज हैं। ये लोग लूटे गए सोने के सामान को सुनार की दुकान चलाने वालों को 50 प्रतिशत दाम पर बेच देते थे। सुनार लूटे हुए सोने को गला कर उसका नया आभूषण बनाकर मोटे दामों पर बेचते थे। पुलिस ने ऐसे कई सुनार भी काबू किए हैं। एक अपराधी ने पूछताछ में खुलासा किया था कि उनका गिरोह एक दर्जन से अधिक सुनार के संपर्क में हैं। आरोपियों ने बताया सुनार उन्हें लूट से पहले ही एडवांस रुपये दे देते थे, जिससे बाइक के पेट्रोल के साथ ही खर्चे के पैसे भी मिल जाते थे।

By Admin

Translate »