सिर पर बेसबॉल बैट से किए वार, आईफोन व सोने का ब्रेसलेट भी ले गए साथ

मोहाली,3 नवम्बर (Geenews network) सोहाना (सेक्टर-77) लाइट प्वाइंट के पास अलसुबह 3 बजे एक व्यापारी से उसकी थार कार, आईफोन, सोने का ब्रेसलेट और अन्य कीमती सामान लूट लिया। वारदात को मारूती में आए चार से पांच युवकों ने अंजाम दिया और लांडरा की तरफ फरार हो गए। लुटेरों ने थार और सामान तो लूटा ही व्यापारी के सिर पर भी तेजधार हथियारों से हमला कर उसे घायल कर दिया। हमले में मंडी गोबिंदगढ़ का रहने वाला दीपक घायल हुआ है जिसका सिविल अस्पताल फेज-6 में ईलाज चल रहा है। पुलिस ने फिलहाल अज्ञात लुटेरों के खिलाफ लूटपाट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
घटना के पीछे की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस ने घटनास्थल की सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ली है, जिसमें चार से पांच युवक दीपक पर हमला कर रहे हैं। सीसीटीवी के मुताबिक यह घटना रविवार सुबह 3 बजे की है। घटना मोहाली के सोहाना के सेक्टर 77 के पास हुई। व्यापारी दीपक मंडी गोबिंदगढ़ से अपने रिश्तेदार के घर आया था। सेक्टर-77 पहुंचने पर उसकी थार के सामने मारूति आकर रूकी जिसमें चार से पांच युवक सवार थे। मारूति से निकले युवकों के हाथों में बेसबॉल बैट और डंडे थे जिन्होंने पहले थार के शीशे तोड़े और बाद में दीपक को पीटना शुरू कर दिया। उसके सिर पर वार किए गए। एक हमलावर ने दीपक का सोने का ब्रेसलेट, उसका आईफोन व अन्य कीमती सामान निकाल लिया। और उसकी थार लेकर मौके से फरार हो गए।
घायल दीपक के बयान पर अज्ञात लुटेरों पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश के लिए टीमें छापेमारी कर रही है। मामला संदिग्ध लग रहा है जल्द ही मामला हल कर मीडिया को जानकारी दे दी जाएगी।
हरबीर सिंह अटवाल, एसपी सिटी
