–आरोपी चोर ने तीन घरों को बनाया था निशाना, चोरी का सोना व नगदी चंडीगढ़ सेक्टर-49/50 की लाइटों के पास झाडिय़ों में छिपाता था

मोहाली 24 मई (Geenews Network ) फेज-11 थाना पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी से पुलिस ने चोरी किए गए 8 लाख रुपये की कीमत के गहने व 1 लाख 20 हजार रुपये की नगदी बरामद की है। आरोपी चोर ने यह सोना व नकदी झाडिय़ों में छिपाकर रखी हुई थी जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। आरोपी की पहचान संजय कटारिया उर्फ संजय कुमार निवासी अट्टा थाना समालखा जिला पानीपत (हरियाणा) के रूप में हुई है। आरोपी ने एक ही रात में तीन घरों में सेंधमारी कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया और वहां से लाखों रूपये के गहने व नकदी चोरी करके फरार हो गया था। इस मामले में पहले फेज-11 थाने में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। आरोपी संजय कटारिया की गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आईपीसी की धारा 457 व 380 के तहत नामजद कर लिया है। आरोपी को पुलिस ने मोहाली कोर्ट में पेश किया जहां अदालत ने उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
एक ही रात में तीन घरों में की थी सेंधमारी
एसएचओ थाना फेज-11 नवीन पाल सिंह लहल ने बताया कि आरोपी संजय कटारिया काफी शातिर चोर है। उसने एक ही रात में तीन घरों में सेंधमारी की। आरोपी ने 11 व 12 मई की दरमियान रात को फेज-10 में मकान नंबर 1321 में कुलवीर सिंह के घर पर पहली चोरी की वारदात को अंजाम दिया। उसी रात उसने फेज-10 में ही संदीप जांगर व सौरव शर्मा के घर पर भी सेंधमारी की। आरोपी वहां से लाखों रुपये के गहने व नकदी चोरी करके ले गया। पुलिस ने कुलवीर सिंह के बयान पर उस समय अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
सीसीटीवी कैमरे से हुई पहचान
एसएचओ ने बताया कि मामले की जांच दौरान चोरी हुए घरों के नजदीक लगे सीसीटीसी की फुटेज हासिल की गई। 19 मई को पुलिस को फेज-10 से एक संदिग्ध व्यक्ति मिला। पुलिस ने उसे शक के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की। जब हिरासत में लिए युवक का चेहरा सीसीटीवी फु टेज में नजर आए चोर के हुलिये से मिलाया तो वह वहीं निकला। जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि 11 व 12 मई की दरमियान रात को उसने ही उक्त तीनों घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। उसने पूछताछ में बताया कि उसने सोने, चांदी के गहने व चुराई हुई नगदी चंडीगढ़ 49/50 की लाइट प्वाइंट के पास झाडिय़ों में छिपाकर रखे हुए हैं। पुलिस ने उक्त जगह पर रेड की और वहां से सारा सामान बरामद कर लिया। पुलिस को मौके से 11 तोले सोना व 5 तोले चांदी बरामद हुई जिनकी कुल कीमत 8 लाख रुपये है और चोरी की गई नगदी 1 लाख 20 हजार रुपये बरामद हुई।
यह सामान हुआ रिकवर
दो सोने की चेन
एक मटर माला
11 ईयर रिंग सोना
एक खंडा सोना
1 ईयर रिंग सोना डायमंड
1 अंगुठी नग वाली सोना
1 अंगुठी सोना
1 अंगुठी चांदी में डायमंड सहित
चांदी की एक पायल जोड़ा
