1.70 लाख निकला कैश फेज-1 थाने में जमा करवाया, मालिक की तलाश में जुटी पुलिस

मोहाली 23 मई ( Geenews network) वीरवार सुबह सवा 8 बजे मोहाली बैरियर पर नोटों से बंद एक बंडल सडक़ पर पड़ा मिला। एक रेहड़ी चालक ने सडक़ के बीच पड़ा नोटों से भरा बंडल उठाया और बैरियर के पास स्टॉल लगाकर बैठे लॉटरी स्टॉल के मालिक को थमा दिया। चश्मदीद गुरमीत सिंह ने बताया कि कैश को पहले एसडीएम दफ्तर ले जाया गया जहां उनके उपस्थित ना होने पर एडीसी के ध्यान में मामला लाया गया। एडीसी ने चुनाव आयोग की टीम को मौके पर बुलाया और नोटों की गिनती की। कैश 1 लाख 70 हजार रुपये निकला। फिलहाल इस कैश को फेज-1 पुलिस स्टेशन में जमा करवा दिया गया है। इस मामले में डीडीआर भी काटी गई है। पुलिस जांच कर रही है कि यह कैश किसका है और यह पैसा कहां इस्तेमाल होना था। दरअसल चुनावों के चलते चुनाव आयोग ने 50 हजार से ज्यादा कैश रखने पर पाबंदी लगाई हुई है। चश्मदीद गुरमीत सिंह ने बताया कि सुबह करीब सवा 8 बजे ढोला वाले चौक के पास मोहाली बैरियर पर सडक़ पर एक कैश का बंडल मिला। कैश को अच्छी तरह पॉलीथिन में लपेटा हुआ था। कैश में 500, 200 के अलावा 100 के नोट थे। वह बंडल पहले एक मोटरसाइकिल चालक को दिखाई दिया लेकिन जब तक वह ब्रेक लगाता उससे पहले एक रेहडी चालक ने नोट का बंडल उठा लिया। उसने वह बंडल लॉटरी स्टॉल के मालिक को दे दिया। इसी बीच मोटरसाइकिल सवार युवक लॉटरी स्टॉल पर आया उसने कहा कि जिसका यह कैश है वह उसे जानता है इसलिए वह कैश उसे दे दिया जाए। वह इसे उसके मालिक को थमा देगा। यह बात सुनकर रेहड़ी चालक बोला कि उसे भी इस कैश में हिस्सा चाहिए। जिसके बाद लॉटरी स्टॉल के मालिक ने कहा कि कैश एसडीएम दफ्तर में जमा करवाया जाएगा। जब वह वहां पहुंचे तो एसडीएम दफ्तर में नहीं थे। मामला एडीसी के संज्ञान में लाया गया और फिर चुनाव आयोग को इसकी सूचना दी गई। चुनाव आयोग ने कैश गिनकर उसे फेज-1 थाने में जमा करवा दिया।
