-फेज-11 थाने में आरोपी के खिलाफ आम्र्स एक्ट का मामला दर्ज, स्पेशल सेल कर रही पूछताछ



मोहाली15 मई,(Geenews Network) स्पेशल सेल की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एक युवक को .30 बोर पिस्टल, मैग्जीन व दो कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी को स्पेशल सेल ने फेज-11 थाने के अंतर्गत एरिया से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सुखविंदर सिंह निवासी गांव लेहारका कत्थु नंगल अमृतसर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ फेज-11 थाने में आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ एएसआई जतिंदर सिंह के बयान पर मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को मोहाली कोर्ट में पेश किया गया है। अदालत ने उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। इस मामले में आरोपी से स्पेशल सेल की टीम पूछताछ कर रही है। पुलिस आने वाले दिनों में मामले में प्रैस कॉन्फ्रैंस कर सकती है।
लोकसभा चुनावों के चलते स्पेशल सेल की टीम फेज-11 क्षेत्र में गश्त पर तैनात थी। उसी दौरान स्पेशल सेल की टीम को गुप्त सूचना मिली कि एक युवक हथियार लेकर शहर में रैकी कर रहा है जो किसी वारदात को अंजाम दे सकता है। स्पेशल सेल की टीम को सूचना देने वाले ने यह भी बताया कि आरोपी किसी बड़े गैंग का सरगर्म मैंबर है। सूत्रों के अनुसार स्पेशल सेल की टीम ने सूचना पाकर तुरंत एक्शन लिया और फेज-11 में नाकाबंदी कर दी। उक्त आरोपी सुखविंदर जब नाके के पास पहुंचा तो पुलिस को देखकर उसने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने उसका पीछा किया और उसे पकड़ लिया। जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से .30 बोर पिस्टल, मैग्जीन व दो कारतूस बरामद हुए। स्पेशल ने हथियार कब्जा में लेकर उसे गिरफ्तार कर लिया। जिसके बाद उसके खिलाफ फेज-11 थाने में मामला दर्ज करवाया गया। बता दें कि चुनाव आचार संहिता लगने के बाद से हथियारों को पुलिस स्टेशन में जमा करवाने के निर्देश है। वहीं दूसरी तरफ चुनाव के दिन नजदीक आ चुके हैं लेकिन अभी तक मोहाली जिले में असलाह धारकों ने अपने हथियार थानों में जमा नहीं करवाए हैं।

By Admin

Translate »