कहीं 25 साल की महिला से शादी का झांसा देकर रेप तो कहीं पत्नी ने पति पर करवाया दुष्कर्म का मामला दर्ज

मोहाली 3 मई (Geenews Network)मोहाली जिले में तीन जगह महिलाओं को हवस का शिकार बनाया गया। कहीं 25 साल की महिला से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया गया तो कहीं पर महिला ने अपने ही पति के खिलाफ रेप का मामला दर्ज करवाया। तीनों मामलों में अलग-अलग थानों में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रेप की अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। हालांकि तीनों ही मामलों में आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस दावा कर रही है कि उन्हें जल्द काबू कर लिया जाएगा। पहले मामले में सेक्टर-80 की रहने वाली 25 वर्षीय पीडि़त महिला ने महिला थाना पुलिस को शिकायत दी थी। अपनी शिकायत में पीडि़त ने कहा कि पटियाला के गांव गाजी सालर का रहने वाले राणा से उसकी सोशल मीडिया पर जान पहचान हुई थी। दोनों ने एक दूसरे से नंबर एक्सचेंज किया और अक्सर उनकी बातें होने लगी। बाद में आरोपी ने उसके सामने शादी का प्रस्ताव रखा और उसे जल्द ही शादी करवाने का झांसा देता रहा। पीडि़त युवती से राणा ने शादी का झांसा देकर कई बार दुष्कर्म किया। अब जब पीडि़ता ने उसे शादी करने का दवाब डाला तो उसने उसका फोन उठाना बंद कर दिया। यहां तक कि उससे शादी करवाने से साफ इंकार कर दिया। पीडि़त युवती ने महिला थाने में इसकी शिकायत दी थी। महिला थाना पुलिस ने जांच के बाद राणा के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, दूसरा मामला सोहाना थाने में दर्ज किया गया है। दुष्कर्म का शिकार 35 वर्षीय प्रवासी महिला हुई है। दो अज्ञात युवकों ने 1 मई 2024 को उसके साथ रेप की वारदात को अंजाम दिया था। पीडि़त युवती ने बताया कि वह मोहाली में झुग्गियों में रहती है। उसका पति मजदूरी करता है। वह भी कोठियों में काम काज करती है। बीते दिन जब वह घर लौट रही थी तो दो युवकों ने उसे घेरा और उसे सुनसान जगह पर ले गए। वहां उन्होंने उसके साथ रेप किया और फरार हो गए। उसने अपनी मालकिन को सारी बात बताई जिसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई। सोहाना पुलिस ने पीडि़त युवती की शिकायत पर दो अज्ञात लोगों पर आईपीसी की धारा 376 के तहत मामला दर्ज कर लिया उनकी तालाश शुरु कर दी है। तीसरा मामला सदर खरड़ पुलिस ने दर्ज किया है। इस मामले में पत्नी ने अपने ही पति के खिलाफ रेप का मामला दर्ज करवाया है। आरोपी की पहचान तरुण बेदी के रूप में हुई है जोकि मोहाली का रहने वाला है। आरोपी की पत्नी ने सदर खरड़ पुलिस को शिकायत दी थी कि उसका पति उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाता है और उसे धमकाता भी है। वह उससे काफी परेशान है। उसने तंग आकर पुलिस को शिकायत दी थी। पुलिस ने जांच के बाद पीडि़त युवती के बयान पर उसके पति तरुण के खिलाफ थाना सदर खरड़ में आईपीसी की धारा 376बी के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

By Admin

Translate »