मोहाली, 26 अगस्त (Geenews Network) – अवैध खनिकों की ओर से महिला वन रक्षक पर हुए हमले के खिलाफ मोहाली वन मंडल के अधिकारियों और फील्ड स्टाफ ने न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला। यह फ्लैग मार्च रेंज अधिकारी सतविंदर सिंह के नेतृत्व में निकाला गया, जिसमें मोहाली वन रेंज और सिसवां वन रेंज के 50 से अधिक कर्मियों ने हिस्सा लिया। यह फ्लैग मार्च गांव पड़छ, नाडा और करोरां में निकाला गया।

रेत की माइनिंग करते समय चैकिंग दौरान किया था हमला

इस जानकारी देते हुए मोहाली के डीएफओ कंवर दीप सिंह ने बताया कि हाल ही में गांव पड़छ में तैनात वन विभाग से संबंधित महिला फारेस्ट गार्ड विपनदीप कौर व डेली वेज कर्मचारी गांव नाडा निवासी निर्मल सिंह पर हमला कर उन्हें बूरी तरह घायल कर दिया था। खनन माफिया के गुर्गों ने उन पर उस समय हमला किया गया था जब उन्होंने रेत की माइनिंग करते समय एक ट्रैक्टर की चैकिंग की थी। हालांकि आरोपित के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर ली गई है। डीएफओ कंवर दीप सिंह ने कहा कि इस फ्लैग मार्च का उद्देश्य लोगों को वन क्षेत्रों, वन अधिनियमों की ओर से लगाए गए प्रतिबंधों और किन कार्यों को किया जाए और किनको नहीं के बारे में जागरूक करना है, ताकि ऐसी अवैध गतिविधियों को अंजाम देने से रोका जा सके। उन्होंने कहा कि लोग जागरुक होने चाहिए कि कौन सा क्षेत्र अवैध और हानिकारक है।

अवैध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए बढ़ाई गश्त

डीएफओ ने यह भी कहा कि पिछले दो महीनों में उन्होंने अवैध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए गश्त बढ़ा दी गई है और रात में मोबाइल नाके भी शुरू कर दिए हैं ताकि खनन, पेड़ों की कटाई जैसी अवैध वन गतिविधियों को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि परिणामस्वरूप वन टीम ने कुछ ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया है और वन क्षेत्रों से ऐसी अवैध रेत ले जाने वाले दोषियों पर मामला दर्ज करवाया जाएगा। डीएफओ ने कहा कि शिवालिक में जंगल अपने तरीके से फैले हैं क्योंकि इसका अधिकांश हिस्सा लोगों या पंचायत के पास हैं, लेकिन वन विभाग की ओर से एफसीए 1980, पीएलपीए 1900, आईएफए, 1927 के प्रावधानों और निर्देशों के अनुसार प्रबंधित किया गया है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के अनुसार इन जंगलों की देखभाल और सुरक्षा जंगलात विभाग के साथ -साथ लोगों की सांझी जिम्मेवारी है ताकि शिवालिक के वातावरण को बड़े स्तर पर लोगों के फायदे के लिए सुरक्षित रखा जा सके।

By Admin

Translate »