स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग के सभी टेंडरों पर 1 फीसदी कमीशन लेने का आरोप

चंडीगढ़ 24 मई (Geenews Network)पंजाब के आम आदमी पार्टीके स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला को राज्य मंत्रिमंडल से हटा दिया गया है। भ्रष्टाचार के आरोप में पंजाब मंत्रिमंडल से बर्खास्त किए जाने के कुछ देर बाद ही विजय सिंगला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को कहा कि स्वास्थ्य मंत्री भ्रष्टाचार के मामलों में लिप्त हैं और उनके पास इसका सबूत है। सीएम ने कहा कि वह कथित तौर पर एक टेंडर में रिश्वत मांग रहे थे। आरोप है कि सिंगला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से जारी सभी टेंडरों पर कथित तौर पर 1 फीसदी कमीशन ले रहे थे। पुलिस को सिंगला के खिलाफ मामला दर्ज करने का निर्देश दिया गया है। मुख्यमंत्री ने एक वीडियो संदेश में कहा-‘मैं मंत्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहा हूं। मैं उन्हें कैबिनेट से हटा रहा हूं। हमें भ्रष्टाचार के मामले में उनकी संलिप्तता के पर्याप्त सबूत मिले हैं। मुझे परवाह नहीं है कि विपक्षी दल इसका इस्तेमाल हम पर निशाना साधने के लिए करना चाहते हैं, यह कहते हुए कि 2 महीने के भीतर भ्रष्टाचार के आरोपों में एक मंत्री को हटा दिया गया। मुद्दा यह है कि हम इस तरह के कदाचार में शामिल किसी को भी बर्दाश्त नहीं करेंगे। मान ने दावा किया कि सिंगला ने गलत काम करना स्वीकार किया था।गौरतलब है तीन दशक से अधिक समय के बाद मनसा क्षेत्र से एक मंत्री मिला था।वो भी भरष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार हो गया। सिंगला को इस चुनाव में सबसे ज्यादा वोट मिले थे।

