एसटीएफ पुलिस ने वर्ष 2018 में आरोपी को 800 ग्राम हेरोइन सहित किया था गिरफ्तार
मोहाली 5 मई (Geenews Network)
– एसटीएफ पुलिस मोहाली की ओर से 800 ग्राम हेरोइन सहित पकड़े गए एक नाइजीरियन को मोहाली अदालत ने 10 साल की सजा सुनाई है। आरोपी को एक लाख रुपये जुर्माना भी हुआ है। मामले की सुनवाई एडीशनल सैशन जज हररीत कौर की अदालत में हुई। जहां अदालत ने सरकारी वकील व बचाव पक्ष की दलीले सुनने के बाद दोषी पाए जाने पर अपना फैसला सुनाया। जिक्रयोग है कि स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की टीम ने 30 सितंबर 2018 को एक नाइजीरियन को गुप्त सूचना के आधार पर 800 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया था। आरोपित की पहचान ओकेके अंसेलम अरींजे निवासी लॉउनसेन रोड सुरूलेरे लागोस नाइजीरिया के रूप में हुई थी। आरोपी जिस समय एसटीएफ पुलिस ने गिरफ्तार किया था उस समय वह उत्तम नगर न्यू दिल्ली में रहता था। पूछताछ में सामने आया था कि वह स्टडी वीजा पर भारत आया था और उसके बाद वापस नहीं गया। वह दिल्ली में एक फ्लैट में रहता था और वहीं से हेरोइन का रैकेट चला रहा था। वह पंजाब व हरियाणा में कई जगह हेरोइन की सप्लाई देता था। उसके खिलाफ एसटीएफ थाना फेज-4 में एफआइआर नंबर-51 दर्ज की थी। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
