
मोहाली 4 मई (संजीव टी) – फेज-10 के पास सेक्टर 49/50 के लाइट प्वाइंट पर झुग्गी में सिलेंडर फटने से चार लोग घायल हो गए। घटना मंगलवार रात करीब साढ़े 10 बजे की है, जब झुग्गी में मजदूर खाना बना रहे थे। फेज-11 थाने के एसएचओ गगनदीप सिंह ने बताया कि पहले झुग्गी में गैस लीक होने से आग लगी, जिसके बाद एक दम सिलेंडर फट गया। उन्होंने बताया कि चार घायलों को सेक्टर 32 के सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घायलों में अमीन्दर कुमार (23), अमित कुमार (26), मनकुश (25) और सुधीर कुमार (24) शामिल हैं।फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया गया था। फायर कर्मी 30 मिनट के भीतर आग पर काबू पाने में सक्षम रहे। पीसीआर मुलाजिम मौके पर पहुंचे जिन्होंने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
