गिरफ्तार किए 3 दोषियों में से एक था फर्जी मरीज़

मोहाली, 24 जुलाई (Geenews Network)
मोहाली पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस द्वारा ऐसे गैंग का पर्दाफाश किया गया है जो कि एक एंबुलेंस का सहारा लेकर अफीम की तस्करी का काम करते थे। इसको लेकर एसएसपी मोहाली विवेक शील सोनी ने बताया कि पुलिस द्वारा चंडीगढ़-अंबाला हाईवे पर क्षेत्र दप्पर टोल प्लाजा के पास स्पेशल नाका लगाया हुआ था। इस दौरान जब शक के आधार पर पुलिस टीम द्वारा अंबाला साइड से आ रही एक एंबुलेंस को रोक कर उसकी चेकिंग की गई तो उसमें ना तो ऑक्सीजन सिलेंडर लगा हुआ था और ना ही फर्स्ट एड किट थी। जिस पर पुलिस पार्ट का शक और ज्यादा गहरा हुआ। पुलिस ने जब इस एंबुलेंस की अच्छी तरह से जांच की और तलाशी ली तो इस एंबुलेंस में मरीज बनाकर जिस व्यक्ति को लिटाया हुआ था उसके तकिए में से पुलिस को 8 किलो अफीम की बड़ी खेप बरामद हुई। जिसके बाद पुलिस ने एंबुलेंस में मौजूद तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत लालड़ू पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया है।
मामले में पकड़े गए आरोपियों की पहचान एंबुलेंस ड्राइवर हरेंद्र शर्मा निवासी नयागांव, रवि श्रीवास्तव निवासी राम दरबार चंडीगढ़ तथा अंकुश निवासी खुदा अली शेर चंडीगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर उनका पुलिस रिमांड हासिल किया गया है अब उनसे आगे की पूछताछ की जा रही है।

यूपी के बरेली से लाते थे अफीम, मोहाली तथा फतेहगढ़ के एरिया में करते थे सप्लाई
एसएसपी मोहाली ने मामले के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह आरोपी यूपी के बरेली से अफीम लेकर आते थे और यहां पर मोहाली, फतेहगढ़ साहिब तथा ट्राइसिटी के एरिया में सप्लाई किया करते थे। उन्होंने यह भी बताया कि यह आरोपी अब तक यूपी से 10 से 12 बार अफीम लाकर यहां पर सप्लाई कर चुके हैं। इनके द्वारा एंबुलेंस का इस्तेमाल इसलिए किया जाता था क्योंकि एंबुलेंस को कहीं पर भी रुका नहीं जाता है और उसे पहल के आधार पर वहां से रास्ता दिया जाता है। इसलिए यूपी से मोहाली तक अफीम लाने में इन्हें किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं होती थी और यह बड़े आराम से अफीम लाकर यहां पर सप्लाई कर दिया करते थे।

