मरीज हुआ डॉक्टर का मुरीद, शादी के लिए बना रहा था दबाव, मना करने पर जबरदस्ती करने की कोशिश
-पिस्टल दिखा कर सिक्योरिटी गार्ड को धमकाया, पुलिस ने महिला डॉक्टर की शिकायत पर मामला किया दर्ज
मोहाली 20 जुलाई – बलौंगी थाना क्षेत्र में पीड़ित महिला डॉक्टर ने अपने मरीज पर जबरदस्ती शादी कराने के आरोप लगाए हैं। जिसकी शिकायत डाक्टर ने बलौंगी पुलिस स्टेशन में दी है। शिकायत में बताया गया है कि पीड़ित महिला का थाना बलौंगी क्षेत्र में अपना क्लीनिक है और वहीं उनके पास पिछले कई समय से लखन भनोट नाम का व्यक्ति अपना इलाज करवाने अक्सर उनके पास आया करता था। जिस वजह से दोनों में अच्छी जान पहचान हो गई थी और लखन जानता था कि महिला डॉक्टर का अपने पति से तलाक हो चुका है। जिसका वह फायदा उठाना चाहता था। लखन बार बार शादी का दबाव बना रहा था जिसका अक्सर डॉक्टर ना में जवाब दे रही थी।
डाक्टर ने अपनी शिकायत में बताया कि 18 जुलाई को देर रात के करीब 1.30 बजे जब वे चंडीगढ़ के एक सिनेमाघर से फिल्म देख कर अपने घर लौटी तो देखा कि घर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और घर के अंदर लखन भनोट नशे की हालत में बैठा हुआ था। जिसने उसे देखते ही उसके साथ जबरदस्ती करने की नियत से उसके कपड़े फाड़ डाले। उसका शोर सुनकर सोसायटी का सिक्योरिटी गार्ड मौके पर पहुंचा। गार्ड को देखते ही आरोपी ने अपने साथ पहले से ही लाई पिस्टल निकालकर गार्ड को रोक कर धमकाया कि अगर उसे रोकने की कोशिश की गई तो वह उसे गोली मार देगा और वहां से फरार हो गया। बलौगी पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

