
मोहाली 19 जुलाई (Geenews Network)- फेज-11 थाना पुलिस ने 16 ग्राम हेरोइन सहित एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान अमनदीप सिंह उर्फ अनू निवासी मकान नंबर -1447/14 फेज-11 के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ फेज-11 थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। एसएचओ गगनदीप सिंह ने बताया कि आरोपी अनमदीप को मोहाली कोर्ट में पेश किया गया था जहां अदालत ने उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। एसएचओ ने बताया कि उनकी पुलिस पार्टी फेज-11 एरिया में गश्त पर तैनात थी। उसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक युवक नशा करने व बेचने का आदी है जोकि इस समय नशे की सप्लाई देने के लिए आ रहा है। पुलिस ने सूचना के आधार पर अमनदीप को गिरफ्तार कर लिया। अमनदीप ने पूछताछ के दौरान बताया कि वह काफी लंबे समय से फेज-10/11 एरिया में हेरोइन की सप्लाई कर रहा है। वह अपने पक्के ग्राहकों को हेरोइन की सप्लाई देता था। डील के लिए उसने एक अलग से नंबर रखा हुआ है। पुलिस इस बात की जांच करने में जुटी है कि अमनदीप हेरोइन कहां से लेकर आता था और यहां किस-किस को इसकी सप्लाई देता था।

