मोहाली 7 जून  ,(Geenews Network)  – मोहाली पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर पांच लोगों को जिंबाब्वे व अफगानिस्तान की बीच चल रहे क्रिकेट मैच पर सट्टा लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अभिमन्यु, पवनदीप, हिमांशु महाजन, ताहिर महाजन सभी निवासी पठानकोट व मानिक बांसल निवासी जीरकपुर के रूप में हुई है। सभी के खिलाफ थाना मटौर में आईपीसी की धारा 420 व पब्लिक गैंबलिंग एक्ट की धारा 13 के तहत मामला दर्ज किया है। एसएचओ नवीन पाल सिंह लहल ने बताया कि आरोपियों को मोहाली कोर्ट में पेश किया गया जहां अदालत ने उन्हें पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

डीएसपी सिटी – 1 सुखनाज सिंह गिल ने बताया कि 6 जून को इंस्पेक्टर नवीन पाल सिंह लहल सहित पुलिस पार्टी रेजिडेंशियल टावर होमलैंड हाइट्स सेक्टर-70 मोहाली में चैकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि फ्लैट नंबर 53 में क्रिकेट मैच पर सट्टा लगाया जा रहा है। जब पुलिस ने उक्त फ्लैट पर रेड की तो पुलिस ने मौके से उक्त पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से ऑनलाइन सट्टा लगाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले दो लैपटॉप, 12 स्मार्ट फोन, 8 की-पैड वाले फोन, 1 सूटकेस 20 फोन के सेटअप वाला जिसमें 8 छोटे फोन (लेंडिंग मशीन) बरामद हुई। आरोपियों से पुलिस को दो कारें इनोवा व बीएम डब्ल्यू भी बरामद हुई हैं। बता दें कि एसएसपी के निर्देशों पर आपराधिक गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों व अपराधों पर नकेल डालने के लिए किरायेदारों की पुलिस वेरिफिकेशन मुहिम शुरु की गई है। मोहाली के टीडीआई सिटी, पूरब अपार्टमेंट, शाहीमाजरा, मदनपुरा व कई अन्य हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में रेड दौरान तीन लोगों पर 188 के तहत मामला दर्ज किया गया है। जबकि एक व्यक्ति पर धारा 336 के तहत मामला दर्ज किया गया। जबकि 200 व्यक्तियों को नोटिस जारी किया गया है।

By Admin

Translate »