-पाकिस्तानी मेड 30 बोर पिस्टल बरामद, अदालत ने तीनों आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा
मोहाली,8,जून (Geenews Network)
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) मोहाली को नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। टीम ने 1.030 किलोग्राम हेरोइन के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। उसके बाद पूछताछ और निशानदेही के आधार पर पूर्व सरपंच सहित दो अन्य आरोपियों को भी काबू कर लिया गया। एक आरोपी के कब्जे से पाकिस्तानी मेड 30 बोर पिस्टल भी बरामद हुई है। पुलिस को मामले में और अहम खुलासों की उम्मीद है।
एएनटीएफ मोहाली की टीम ने छह जून को विशेष नाकेबंदी के दौरान फिरोजपुर जिले के थाना अरिफ के अंतर्गत पड़ते गांव कालेके उत्तर निवासी गुरपवित्र सिंह उर्फ पवित्र को गिरफ्तार किया था। आरोपी के कब्जे से 1.030 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस संबंध में थाना एएनटीएफ मोहाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। यह मामला सब इंस्पेक्टर गगनदीप सिंह के बयान पर दर्ज किया गया है।
पुलिस जांच के दौरान गुरपवित्र सिंह से गहन पूछताछ की गई। पूछताछ में सामने आए तथ्यों और आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान गुरनेक सिंह और एक पूर्व सरपंच के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूर्व सरपंच के कब्जे से पाकिस्तानी मेड 30 बोर पिस्टल बरामद की गई है, जिसके संबंध में भी जांच की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार गुरपवित्र सिंह को एएनटीएफ टीम ने बठिंडा जिले के थाना बदली कलां क्षेत्र के अंतर्गत पड़ते गांव बुट्टर के पास नाकेबंदी के दौरान गिरफ्तार किया था। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद हेरोइन की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जाना था। साथ ही आरोपियों के अन्य संपर्कों और नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। जांच एजेंसियों का मानना है कि रिमांड के दौरान नशा तस्करी और हथियारों के नेटवर्क से जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं। एएनटीएफ अधिकारियों का कहना है कि पंजाब में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
