गाड़ी में था दो लाख कैश, कागजात, पर्स और मोबाइल फोन
जीरकपुर 29 मई (Geenews Network) – चंडीगढ़-अंबाला हाईवे पर मेट्रो शापिंग माल के बाहर रोहतक के एक बिजनेसमैन के ड्राइवर से चार लुटेरे पिस्टल की नोक पर उसकी स्कार्पियो गाड़ी लूटकर फरार हो गए। वारदात बीती रात 7.45 की है। गाड़ी में दो लाख कैश, कुछ जरूरी कागजात, ड्राइवर का पर्स , मोबाइल फोन मौजूद था। लुटेरों ने वारदात को उस समय अंजाम दिया जब ड्राइवर विकास कुमार मेट्रो माल के बाहर गाड़ी लगाकर अपने मालिक का इंतजार कर रहा था और उसका मालिक मेट्रो शापिंग माल में गया हुआ था। हैरानी की बात है जहां वारदात हुई वहां हर समय चहल पहल रहती है, ऐसे में वारदात को अंजाम देकर फरार होना बहुत बड़ी बात है। पुलिस हर पहलु पर जांच कर रही है। लूट की इस वारदात में पुलिस ने ड्राइवर विकास कुमार निवासी गांव खेड़ी आसरा जिला झज्जर (हरियाणा) के बयान पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ आइपीसी की धारा 392 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने वारदात के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली है।

