–हत्या के 82 दिन बाद आरोपी मां गिरफ्तार, पुलिस ने कहा पोस्टमार्टम रिपोर्ट का था इंतजार
मोहाली,7 नवंबर (हप्र) गांव दांऊ में सौतेली मां ने अपनी दो साल की बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या इसी वर्ष 17 अगस्त को की गई थी लेकिन आरोपी सौतेली मां को पुलिस ने 82 दिन बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया है। मृतक लडक़ी की पहचान जारा मलिक के रूप में हुई है। उसकी हत्या उसकी सौतेली मां आयशा परवीन ने की थी । आयशा मलिक मूल रूप से रूडकी की रहने वाली है। उसके खिलाफ थाना बलौंगी में बीएनएस की धारा 103 के तहत मामला दर्ज हुआ है। यह मामला आरोपी महिला के पति मोहम्मद नद्दीम के बयान पर दर्ज किया गया है।
मोहम्मद नद्दीम ने बताया कि वह मूल रुप से रूडकी उत्तराखंड का रहने वाला है। वहां उसका कपड़ों का कारोबार था। उसका पहली पत्नी से तालाक होने के बाद 5 जनवरी 2024 को उसने आयशा परवीन से दूसरी शादी की थी। पहली पत्नी से उसकी दो साल की बेटी जारा मलिक थी जो उसके पास रहती थी। आयशा परवीन का भी अपने पहले पति से तलाक हुआ था और उसका एक बच्चा था जो उसके पहले पति के पास है। मोहम्मद नद्दीम ने बताया कि कपड़े के कारोबार में घाटा पडऩे के बाद वह इसी साल 19 जुलाई को कामकाज की तलाश में मोहाली आ गया। 21 जुलाई को उसे दांऊ में कमरा किराये पर मिल गया और वह अपनी दो साल की बेटी व पत्नी के साथ दांऊ आ गया। उसने पहले कंस्ट्रक्शन का काम किया और बाद में ऑटो चलाने लगा।
17 अगस्त को जब वह रात 7 बजे घर पहुंचा तो उसकी दो साल की बेटी जारा मलिक बेड पर बेसुध पड़ी थी। उसने अपनी पत्नी से पूछा तो उसने कहा कि जारा उसे काफी तंग कर रही थी इसलिए उसने उसकी पिटाई कर दी। उसने अपनी बेटी को हिलाया ढुलाया तो वह कुछ नहीं बोली। वह तुरंत अपनी बेटी को सिविल अस्प्ताल फेज-6 ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृतक घोषित कर दिया। नद्दीम ने बताया कि डॉक्टरों ने उसका पोस्टमार्टम करने को कहा तो उसकी पत्नी ने पोस्टमार्टम करवाने से मना कर दिया। वह अपनी बेटी के शव का पोस्टमार्टम करवाने पर अड़ गया। बलौंगी पुलिस ने उसे बुलाया और पोस्टमार्टम करवाने को कहा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी बेटी का गला घोंटकर मृत्यु होने का कारण सामने आया।उसने तुरंत पुलिस को अपनी पत्नी के खिलाफ शिकायत दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर उसकी पत्नी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिफ्तार कर लिया।
महिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी महिला को आज ही गिरफ्तार किया गया है। पौने तीन महीने इसलिए लग गए क्योंकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार था।
कुलवंत सिंह, एसएचओ थाना बलौंगी
