दोनों आरोपियों को कोर्ट में किया पेश, एएनटीएफ ने सात दिन का मांगा रिमांड, एक दिन की मिली मंजूरी
घर से मिला मोबाइल लैब भेजा, गाडिय़ां किस के नाम आरटीओ से ली जाएगी जानकारी
भतीजे को 15 हजार रूपये सैलरी व रहने के मकान का लालच देकर 20 दिन पहले बुलाया था

मोहाली,24 अक्टूबर (Geenews Network) ड्रग रैकेट मामले में गिरफ्तार हुई फिरोजपुर देहात की पूर्व विधायक सतकार कौर व उसके भतीजे जसकीरत सिंह को वीरवार मोहाली जिला अदालत में पेश किया गया। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) के इंस्पेक्टर राम दर्शन शर्मा आरोपियों का मेडिकल करवाने उपरांत उन्हें कोर्ट लेकर पहुंचे। अदालत में एएनटीएफ की टीम ने आरोपियों के 7 दिन के पुलिस रिमांड की मांग की लेकिन अदालत ने 1 दिन के पुलिस रिमांड की मंजूरी दी। आरोपी को शुक्रवार दोबारा से पेश किया जाएगा। हुआ यूं कि अदालत को बताया कि सतकार कौर गिरफ्तार करते समय कोई महिला कर्मचारी साथ नहीं थी जिस पर अदालत ने एएनटीएफ की टीम को फटकार लगाई। एएनटीएफ की टीम ने अदालत में रिमांड लेते समय तर्क दिया कि आरोपी महिला के किसके साथ लिंक थे उसका पता लगाना है। वहीं, जो पांच गाडियों की नंबर प्लेट (जिन पर हरियाणा और दिल्ली के नंबर अंकित है)उसके घर से मिली थी उसका पता करना है कि वह किस-किस वाहन की थी। दूसरी तरफ एएनटीएफ के इंस्पेक्टर राम दर्शन ने बताया कि आरोपी सतकार कौर का उन्हें व्हट्स एप्प रिकार्ड तीन दिन में मिलेगा जिसे वह वेरिफाई करेंगे। उन्होंने कहा कि आरोपी के घर से जो चार लग्जरी गाडियां जिनमें बीएमडब्ल्यू, फॉच्र्यूनर, वरना और शेवर्ले मिली हैं वह किसके नाम पर रजिस्टर्ड हैं उसके बारे में आटीओ ऑफिस से जानकारी मांगी गई है। घर से जो मोबाइल मिला है वह जांच के लिए फारेंसिक लैब भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि आज मेडिकल के दौरान आरोपी जसकीरत का डोप टेस्ट पॉजिटिव आया है और पूर्व विधायक का नेगटिव आया है। जसकीरत ने पूछताछ के दौरान बताया कि उसे 20 दिन पहले ही खरड़ बुलाया गया था। उसे 15 हजार रुपये सैलरी व रहने के लिए कमरे का ऑफर दिया गया था। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने फिरोजपुर रुरल से पूर्व एमएलए सतकार कौर को खरड़ के बूथ वाला चौक के पास से हेरोइन तस्करी करते हुए दबोचा था। पूर्व विधायक सतकौर कौर 2017 से 2022 तक फिरोजपुर ग्रामीण से कांग्रेस की विधायक थीं। सतकार कौर के घर से 28 ग्राम चिट्टा, 1.56 लाख और गहने बरामद हुए थे। कुछ दिनों पहले एक युवक मोहाली के एसटीएफ थाने में शिकायत देने के लिए पहुंचा था। युवक ने आरोप लगाया था कि एक महिला दबाव बनाकर नशा तस्करी करा रही है। वह खुद भी नशा करता था। युवक ने एसटीएफ को महिला की कुछ कॉल रिकॉर्डिंग भी दी थी। इस पर पुलिस ने आरोपी महिला पूर्व एमएलए सतकार कौर को ट्रैप लगाकर गिरफ्तार कर लिया। एएनटीएफ ने शिकायतकर्ता से कॉल करवाकर ही पूर्व विधायक से ड्रग्स मंगवाई। जैसे ही पूर्व विधायक भतीजे जसकीरत के साथ ड्रग्स देने पहुंची तो पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। जसकीरत ने भागने की फिराक में एक पुलिसकर्मी के पैर पर कार चढ़ा दी।
