-मां के खाते से कट रहे पैसे की जानकारी हासिल करने दोस्त के साथ आया था मृतक

सिक्योरिटी गार्ड को पुलिस ने किया गिरफ्तार, लाइसेंसी दौनाली से चलाई थी गोली

मोहाली,21 जून (Geenews network)। मुल्लांपुर क्षेत्र में पड़ते गांव माजरा में शुक्रवार दिनदहाड़े करीब साढ़े 10 बजे यूनियन बैंक के सिक्योरिटी गार्ड ने बैंक में आए एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या करने वाले सिक्योरिटी गार्ड गुरिंदर सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह रोपड़ का रहने वाला है। वहीं, गुरिंदर सिंह की गोली से जिस युवक की हत्या हुई है वह माजरा गांव का रहने वाला मनवीर उर्फ मनी (24) है जो आज अपने दोस्तों के साथ बैंक में अपनी मां के खाते से कट रहे पैसों की जानकारी हासिल करने आया था। मनी से तीखी बहस के बाद सिक्योरिटी गार्ड ने उसके पेट में गोली मार दी। मनी को घायल हालत में पीजीआई ले जाया गया था जहां डॉक्टरों ने उसे मृतक घोषित कर दिया। आरोपी गुङ्क्षरद सिंह के खिलाफ मुल्लांपुर थाने में कत्ल का मामला दर्ज कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि गुरिंदर सिंह ने अपनी लाइसेंस दौनाली से फायर किया था। उसकी दौनाली भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली है। सिक्योरिटी गार्ड गुरिंदर सिंह पिछले चार साल से इसी बैंक में नौकरी कर रहा है।

बता दें कि पिछले दो दिन में मोहाली में हत्या की यह तीसरी वारदात है। मनी की मां का बैंक में था अकाउंट मनी की मां का माजरा गांव में यूनियन बैंक में खाता था। उसकी माता के खाते में बार-बार चार्ज लग रहा था जिस कारण खाते से पैसे कट रहे थे। इसकी जानकारी के लिए मनी अपने साथी काकू के साथ बैंक आया था। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी मनी एक दो बार जानकारी लेने बैंक गया था। उस समय भी उनकी सिक्योरिटी गार्ड से बहस हुई थी। शुक्रवार को जब मनी अपनी मां व दोस्त काकू के साथ बैंक गए तो कैश काउंटर पर उनकी कैशियर से बहस हो गई। कैशियर ने सिक्योरिटी गार्ड गुरिंदर सिंह से उन्हें बैंक से बाहर निकालने के लिए कहा। गुरिंदर उन्हें बैंक से बाहर निकालने लगा तो मनी की सिक्योरिटी गार्ड से बहस हो गई। बैंक में लगे सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि पहले सिक्योरिटी गार्ड दोनों युवकों से तीखी बहस कर रहा है और उसके बाद दोनों युवकों को बैंक में घुसने नहीं दिया गया। बैंक के अन्य स्टॉफ ने बीच बचाव कर दोनों युवकों को बाहर निकाल दिया और कुंडी लगा ली। स्टॉफ कर्मचारी सिक्योरिटी गार्ड गुरिंदर सिंह को रोकते हुए भी नजर आ रहे हैं लेकिन गुरिंदर सिंह बैंक से बाहर निकला जिसने अपनी गन लोड की और मनी पर फायर कर दिया। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। फुटेज पुलिस ने हासिल कर ली है उसी के आधार पर मामला दर्ज किया गया है।

माजरा गांव के रहना मनी की मां का यूनियन बैंक में खाता है। वह आज बैंक आया था जिसकी सिक्योरिटी गार्ड से बहस हो गई। हमने जो सीसीटीवी फुटेज हासिल की है उसमें सिक्योरिटी गार्ड गोली चलाता हुआ नजर आ रहा है। घायल को पीजीआई ले जाया गया था जहां उसकी मौत हो गई। आरोपी सिक्योरिटी गार्ड रोपड़ का रहने वाला है उसे काबू कर लिया गया है। उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

धर्मवीर सिंह, डीएसपी मुल्लांपुर गरीबदास न्यू चंडीगढ़

By Admin

Translate »