मोहाली 17 मई (Geenews Network) 14 मई को सेक्टर-125 सन्नी एनक्लेव के सामने निज्जर रोड पास गंदे नाले से एक युवती का शव गली सड़ी हालत में बरामद हुआ था। इस मामले में चार दिन बाद भी शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने शिनाख्त के लिए शव को सिविल अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाया हुआ है। एसएचओ खरड़ सिटी मंदीप सिंह ने कहा कि पोस्टमार्टम दो दिन बाद करवाया जाएगा। शिनाख्त के लिए कई लोगों से पूछताछ की जा चुकी है। शव एक कंकाल होने के चलते उसकी पहचान होने में समय लग रहा है। पुलिस ने शव की शिनाख्त के लिए सभी थानों में दर्ज हुई लापता लोगों की रिपोर्ट भी जांची है। वहीं मामले के हल के लिए सभी पुलिस थानों से मदद ली जा रही है। पुलिस ने अपनी तरफ से इश्तेहार भी जारी किया हुआ है ताकि शव की शिनाख्त की जा सके। बताया जा रहा है कि पानी में रहने के चलते शव काफी गल चुका था। फॉरेंसिक टीम को मौके पर सैंपल एकत्र करने में काफी मुश्किल आई थी। हालांकि फॉरेंसिक टीम ने शव के बॉडी पार्टस, मौके से मिली रस्सी, बोरी व कपड़े से भी कुछ सैंपल एकत्र किए हैं। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से खरड़ में एक के बाद एक सनसनीखेज मामले सामने आए हैं जिस वजह से खरड़ शहर चर्चा में रहा है।

By Admin

Translate »