गांव वालों का आरोप सरपंच में पंचायती फंडों में किए है घपले, कार्रवाई से बचने के लिए टंकी पर चढ़ा था सरपंच
मोहाली 14 मई (हप्र) मोहाली के गांव दांऊ-रामगढ़ में स्कूल के ग्राउंड पर किए अवैध कब्जे को रोकने के लिए गांव का मौजूदा सरपंच अजमेर सिंह पानी वाली टंकी पर चढ़ गया था। उसके खिलाफ उसी के गांव वालों ने पंचायती फंडों में घपले करने के आरोप के तहत डीडीपीओ को शिकायत देकर उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, दूसरी तरफ पानी की टंकी पर चढ़े सरपंच अजमेर सिंह को पुलिस की मदद से नीचे उतार लिया गया है। सरपंच ने चेतावनी दी थी कि अगर 24 घंटे में निशानदेही कर अवैध कब्जे को नहीं छुडाया गया तो वह टंकी पर ही खुद पर डीजल डालकर आत्मदाह कर लेगा। गांव वालों ने सरपंच अजमेर सिंह पर आरोप लगाया है कि पंचायती फंडों में घपले और अवैध कब्जे सरपंच अजमेर सिंह के कार्यकाल के दौरान ही हुए हैं। उसके खिलाफ ग्राम पंचायत दांऊ के फंडों में बड़ी घपलेबाजी करने के खिलाफ 17 अगस्त 2022 को शिकायत दी थी लेकिन प्रशासन ने उसके खिलाफ बनती कार्रवाई नहीं की। सरपंच पर गांव दांऊ के एक शिकायतकर्ता अमित वर्मा पर शिकायत वापिस करवाने के लिए दवाब डालने और उस पर जानलेवा हमला करवाने का आरोप है । यह मामला बलौंगी थाने में भी दर्ज है। गांव वालों ने बीडीपीओ को दी शिकायत में कहा कि सरपंच कार्रवाई से बचने के लिए और राजनीति से प्रेरित होकर प्रशासन को ब्लैक मेल करने के इरादे से गांव में पानी की टंकी पर चढ़ा था। उसने आत्मदाह करने की धमकी देकर दहशत व डर का माहौल बनाया है। उन्होंने कहा कि सरपंच अजमेर सिंह व उसके साथियों के खिलाफ फंड का दुरूपयोग करने की दी गई शिकायतों पर बनती कार्रवाई की जाए। वहीं दूसरी तरफ सरपंच अजमेर सिंह ने आरोप लगाए थे कि वह एक साल से अवैध कब्जे छुडाने के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रहा है। मजबूर होकर उसे यह कदम उठाना पड़ा। सरपंच ने आरोप लगाया था कि गांव रामगढ़ में पानी की टंकी के पास कुछ दिन पहले ही कब्जा हुआ है। सरपंच का आरोप था कि जिस जगह पर कब्जा किया गया है वह स्कूल की जगह है और वहां बच्चों के खेलने के लिए स्कूल बनना था। पंचायत ने प्रस्ताव पास कर इस जगह को ग्राउंड के लिए रखा था। सरपंच का आरोप है कि आचार संहिता में जानबुझ कर यहां कब्जा किया गया है। उन्होंने कई बार अधिकारियों को फोन भी कर लिए लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई जिससे वह मानसिक तौर पर परेशान हो चुके हैं। उसने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल की थी।
