वीडियो बनाकर प्रशासन को दी चेतावनी अगर 24 घंटे में कब्जा नहीं छुडाया तो टंकी पर करेगा आत्मदाह
मोहाली 13 मई (Geenews Network) मोहाली के गांव रामगढ़ में स्कूल के ग्राउंड पर किए अवैध कब्जे को रोकने के लिए गांव का मौजूदा सरपंच अजमेर सिंह पानी वाली टंकी पर चढ़ गया। उसने सरकारी अधिकारियों के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। सरपंच अजमेर सिंह ने टंकी पर चढक़र एक वीडियो बनाई और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पुलिस को जब इस बारे में पता चला तो सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस व पीसीआर पार्टी मौके पर पहुंची। खबर लिखे जाने तक सरपंच मनाकर टंकी से नीचे उतारने के प्रयास जारी थे। सरपंच अजमेर सिंह ने आरोप लगाए हैं कि वह एक साल से अवैध कब्जे छुडाने के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रहा है। आज मजबूर होकर उसे यह कदम उठाना पड़ा। सरपंच का कहना है कि उसके पास हाईकोर्ट के ऑर्डर पड़े हैं। उसने बताया कि गांव दांऊ में जो अंदर छप्पड़ है उसकी निशानदेही के हाईकोर्ट ने ऑर्डर किए हुए हैं। आज छह महीने निकल जाने के बाद भी निशानदेही नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि हाईकोर्ट की कॉपी तहसीलदार को दिए हुए भी उन्हें 8 महीने से ज्यादा समय हो गया है लेकिन अधिकारियों को हाईकोर्ट के निर्देशों की भी परवाह नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कब्जे राजनीतिक नेताओं की शह पर हो रहे हैं। इसी तरह सरपंच ने आरोप लगाया कि गांव रामगढ़ में पानी की टंकी के पास कुछ दिन पहले ही कब्जा हुआ है। सरपंच ने कहा कि जिस जगह पर कब्जा किया गया है वह स्कूल की जगह है और वहां बच्चों के खेलने के लिए स्कूल बनना था। पंचायत ने प्रस्ताव पास कर इस जगह को ग्राउंड के लिए रखा था। सरपंच का आरोप है कि आचार संहिता में जानबुझ कर यहां कब्जा किया गया है। उन्होंने कई बार अधिकारियों को फोन भी कर लिए लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई जिससे वह मानसिक तौर पर परेशान हो चुके हैं। सरपंच ने चेतावनी दी है कि अगर 24 घंटे में निशानदेही कर इस कब्जे को नहीं छुडाया गया तो वह टंकी पर ही खुद पर डीजल डालकर आत्मदाह कर लेगा। उसने यह वीडियो सीएम मान तक पहुंचाने की भी अर्ज की है।
