मोहाली 12 मई (Geenews network) मां इंतजार कर रही थी कि अगले महीने बेटा घर आएगा लेकिन रविवार सुबह मदर्स-डे के दिन बेटे की मौत की खबर सुनकर मां सदमे में चली गई। मोहाली के सेक्टर-82 में नवनिर्माण बिल्डिंग की 17वीं मंजिल से गिरकर 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान दीपक के रूप में हुई जोकि मूल रूप से बिहार मोतीहारी जिला का रहने वाला था। दीपक इसी नव निर्माण बिल्डिंग में बनी झुग्गियों में रह रहा था। उसके कुछ रिश्तेदार भी यहां रहते हैं। बताया जा रहा है कि दीपक इस नव निर्माण बिल्डिंग में मजदूरी का काम करता था। उसके नीचे गिरने पर उसे घायल हालत में उसके साथी कर्मचारी उसे जीएमसीएच-32 अस्प्ताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृतक घोषित कर दिया। कंपनी मालिक व ठेकेदार के खिलाफ मृतक दीपक के रिश्तेदार व दोस्तों ने आरोप लगाया है कि उनकी लापरवाही के कारण ही दीपक की मौत हुई है। बताया जा रहा है कि दीपक शनिवार को बिल्डिंग की 17वीं मंजिल पर काम कर रहा था। शाम करीब साढ़े 5 बजे दिहाड़ी खत्म करके वह नीचे आने लगा। उसी दौरान बिल्डिंग में लिफ्ट के लिए खाली पड़ी जगह के पास उसका पैर फिसल गया और लिफ्ट की खाली जगह के पास कोई सेफ्टी ना होने के चलते वह सीधा जमीन पर आकर गिरा जिससे उसकी मौत हो गई। दीपक की तीन बहनें हैं। उसके परिवार की जिम्मेवारी उस पर थी। उसके पिता को सूचित कर दिया गया है। वह बेटे की लाश लेने के लिए बिहार से आ रहे हैं। दीपक का शव जीएमसीएच-32 अस्पताल की मॉर्चरी में है। उसके पिता के पहुंचने पर ही उसका पोस्टमार्टम किया जाएगा। वहीं दूसरी तरफ दीपक के रिश्तेदारों ने ठेकेदार व कंपनी वालों के खिलाफ पुलिस थाने में शिकायत दे दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
