3 लाख उधार दे कर की थी मदद
मोहाली 9 मई (Geenews Network) फेज-11 में रहने वाली राधा रानी के घर में घुसकर उससे मारपीट करने के साथ ही लूट की वारदात को अंजाम देने के मामले में पुलिस ने तीन महिलाओं समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने लूट की वारदात को अंजाम देते समय पीड़िता की अंगूठियां लूटने के लिए उसके हाथ की अंगुलियों को तेजधार हथियार से काटने की कोशिश भी की थी लेकिन उसके शोर मचाने पर वे वहां से फरार हो गए थे। एसपी आकाशदीप सिंह औलख ने बताया कि प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि राधा रानी के पड़ोस में रहती हरप्रीत कौर को राधा रानी के बारे में सब जानकारी थी। उसने ही सब साथियों को बताया था कि वह फाइनांस का काम करती है और उसके घर में काफी पैसा और गहने हैं। इसके बाद आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। इस वारदात में शामिल सात लोगों में से छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हरप्रीत कौर वासी फेज-11, गुरमीत कौर वासी सेक्टर-71, बलजीत कौर वासी अमृतसर, रोशन सिंह वासी तंगोरी, जसविंदर सिंह और गगनदीप सिंह दोनों वासी वासी गांव रपालहेड़ी जिला फतेहगढ़ साहिब को गिरफ्तार कर लिया है जबकि इस केस में नामजद आरोपी गुरजिंदर सिंह की तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर उनके पास से राधा रानी के घर से लूटी सोने की चेन और सोने-डायमंड का लॉकेट भी बरामद कर लिया है।
जन्मदिन की पार्टी में बनाई थी लूट की योजना
एसपी औलख ने बताया कि हरप्रीत कौर के जन्मदिन में शामिल होने के लिए सभी आरोपी उसके घर आए थे। इस दौरान आरोपी गुरमीत कौर ने उन्हें बताया कि राधा रानी फाइनांस का काम करती है और उसके घर में काफी गहने और नकदी पड़ी है। हालांकि पुलिस सूत्रों के अनुसार राधा रानी ने हरप्रीत कौर को 3 लाख रुपये उधार दिए थे, जिसे वह वापिस नहीं कर रही थी। बर्थ-डे वाले दिन राधा रानी ने सबके सामने उसकी बेइज्जती कर दी थी जिसका बदला लेने की ठानी थी। इस पर सभी ने लूट की योजना बनाकर 1 मई को रात करीब 10 बजे राधा रानी घर पर अकेली थी और घर के अन्य सदस्य किसी काम से बाहर गए हुए थे। इस दौरान रोशन, जसविंदर और गुरजिंदर जबरन राधा के घर में घुस गए जबकि गगनदीप बाहर खड़ा होकर निगरानी करने लगा। अंदर गए तीनों लुटेरों ने राधा को घसीटते हुए पिछले कमरे में ले गए। वहां पर एक आरोपी ने उसकी गर्दन पर तेजधार हथियार रख लिया और उसके गहने लूट लिए। वहीं जब अंगुलियों से अंगूठी निकालने लगे तो जब वे नहीं निकलीं तो उन्होंने तेजधार हथियार से वार करके अंगुलियां काटकर अंगूठियां लगाने की कोशिश की थी। इस लूट की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने राधा के बयानों पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस करके डीएसपी सिटी हरसिमरन सिंह और फेज-11 थाना प्रभारी मनदीप की देखरेख में एक विशेष टीम का गठन किया। इस टीम ने सूचनाएं जुटाकर आरोपियों की पहचान करके उन्हें काबू कर लिया।
