बंबीहा ग्रुप के पकड़े गुर्गों ने पूछताछ में किया खुलासा

स्पेन से निर्देश मिलने का हो रहा था इंतजार

मोहाली के रियल अस्टेट कारोबारी से रंगदारी में असफल होने के बाद उसके कत्ल की बनाई थी प्लानिंग

मोहाली 19 अक्तूबर (Geenews Network) बंबीहा ग्रुप के पकड़े गए तीन शार्प शूटर मोहाली के एक रीयल अस्टेट कारोबारी से रंगदारी मांगने में असफल होने के बाद उसके कत्ल की प्लानिंग कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें कामयाब होने से पहले ही पकड़ लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपितों ने भूप्पी राणा को अदालत में पेश करते समय पुलिस हिरासत से उसको फरार करवाने की योजना भी बनाई थी। यह खुलासा आरोपितों से पूछताछ के दौरान हुआ है। तीनों शार्प शूटर के पकड़े जाने से एक रीयल अस्टेट कारोबारी की जान बचाने के अलावा गैंगस्टर भूप्पी राणा को हिरासत से भगाने की कोशिश को पुलिस ने नाकाम कर दिया है। मोहाली पुलिस की ओर से गिरफ्तार किए गए आरोपितों में गुरजंट सिंह जैंटा निवासी नग्गल गडिय़ां, गुरविंदर सिंह उर्फ गुरी निवासी गांव बड़ाली जिला रोपड़ व गौतम कुमार निवासी सब्जी मंडी कुराली के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपितों ने पुलिस पूछताछ के दौरान बताया कि वह बंबीहा ग्रुप के किंगपिन गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी के सहयोगी हैं, जोकि स्पेन में बैठा है। पुलिस ने इन आरोपितों से कारतूस सहित 7 पिस्टल बरामद किए थे। मोहाली पुलिस के एक अधिकारी ने अपना नाम ना छापने की शर्त पर बताया कि उक्त गैंगस्टर एक रीयल अस्टेट कारोबारी को मारने के लिए आए थे, लेकिन वह उस रीयल अस्टेट कारोबारी का नाम नहीं बता सकते। आरोपितों की हिरासत में पूछताछ के दौरान यह बात भी सामने आई है कि वह इस समय जेल में बंद गैंगस्टर भूप्पी राणा को हिरासत से फरार करने के लिए स्पेन से निर्देशों का इंतजार कर रहे थे।

By Admin

Translate »