चोरी के 11 मामले ट्रेस, छह वाहन बरामद

एसएसपी मोहाली विवेक शील सोनी पत्रकारों को जानकारी देते हुए
मोहाली 23 सितंबर(Geenews Network) पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफ़ाश कर दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस गिरोह के पास से 6 वाहन बरामद किए है और चोरी के 11 केस ट्रेस हुए है। उल्लेखनीय है कि इस चोर गिरोह के सदस्य सिर्फ हुंडई की गाड़ियां ही चुराते थे।
एसएसपी मोहाली विवेक शील सोनी ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि एसएएस नगर पुलिस ने एसपी (देहाती) नवरीत सिंह विरक और डीएसपी सब डिविजन जीरकपुर बिक्रमजीत सिंह बराड़, डीएसपी सिटी 1 हरिंदर सिंह मान और एसएचओ जीरकपुर इंस्पेक्टर दीपिंदर सिंह के नेतृत्व हुंडई कारों की चोरी करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय रैकेट का भंडाफोड़ किया है। उक्त अफसरों की अगवाई में पुलिस अधिकारियों के 22 सितंबर को गाजीपुर रोड के पास अंतरराज्यीय वाहन चोरी करने वाले गिरोह के दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मोहाली पुलिस की टीम ने 11 वाहन चोरी के मामलों को ट्रेस कर जिला मोहाली से चोरी किए गए 6 वाहन बरामद किए है। गिरफ्तार आरोपियों में से एक अकील अहमद पुत्र अजीज अहमद निवासी 523, बवानी खेड़ा, जिला पलवल, हरियाणा ( हाल निवासी डी2-220, डीएलएफ वैली पंचकूला) इस गिरोह का सरगना है। वह ऑफ़सेट कॉलेज, फरीदाबाद से एम-टेक (कंप्यूटर साइंस) पास है। वह 2004-2012 से गुरुग्राम में मोबाइल टॉवर रिलायंस कंपनी में तकनीकी इकाई के प्रमुख के रूप में कार्यरत था। उसे 2012 में उच्च कीमतों पर वीआईपी नंबर बेचने में शामिल होने के लिए रिलायंस कंपनी से निकाल दिया गया था। वह 2016 तक अपने गिरोह के सदस्यों के साथ भरतपुर, राजस्थान में अवैध खनन में भी शामिल था। उसने 2021 तक अपना ऑटोमोबाइल कार बेचने का व्यवसाय चलाया। दिसंबर-2021 में आसान पैसा कमाने के लिए वह आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गया और वाहनों की चोरी करना शुरू कर दिया। एनसीआर और पंजाब में एक गिरोह के कुछ सदस्य पहले पंजाब में जघन्य अपराधों में शामिल थे। कंप्यूटर इंजीनियर होने के नाते वह हुंडई कार को अनलॉक करने में केवल 10-15 मिनट का समय लगाता था, क्योंकि उसे हुंडई वाहनों को अनलॉक करने में विशेषज्ञता प्राप्त है। दूसरा गिरफ्तार आरोपी शेख रफीक पुत्र शेख दिलवार मंसूरी निवासी मस्जिद लाइन, मोसनगंज, अमरावती, महाराष्ट्र पिछले 10 साल से कार बेचने का कारोबार करता है। शेख रफीक और एक फरार आरोपी सोनू अकील उसके गिरोह के सदस्यों से वाहन खरीदता था और चोरी की कारों को अलग-अलग खरीदारों को बेचता था। एसएसपी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी व अन्य चोरी के वाहनों की बरामदगी के लिए छापेमारी की जा रही है।
